शुक्रवार, मई 14, 2010

व्यंग्य- मुहावरे में कुत्ता


व्यंग्य
मुहावरे में कुत्ता
वीरेन्द्र जैन
कुत्ता बहुत पुरानी जाति है। पाण्डव स्वर्ग जाते हुये अपने कुत्ते को स्वर्ग में भी साथ ले गये थे और उसके बिना युधिष्टर ने स्वर्ग में जाने से भी मना कर दिया था। तब से ही यह परम्परा चल पड़ी है कि जो भी बड़ा आदमी कहीं जा रहा है उसके पीछे पीछे उसके कुत्ते भी जाते हैं। परम्परा बड़ी खराब चीज़ होती है जो चलती चली जाती है। पिछले दिनों जब अमेरिका के प्रेसीडेंट भारत आये थे तब गान्धीजी की समाधि पर जाने से पहले उनके कुत्तों ने गान्धीजी की पूरी समधि को सूंघा था। वे सोचते होंगे कि क्या पता ये गान्धी अब पुराने गान्धी न हों और अचानक ही समाधि से उठ कर धायँ धायँ कर दें। अमेरिका ने इतने पाप किये हैं कि उसके पदाधिकारियों को हरेक से डर लगता रहता है।
किसी ज़माने में कुत्ते पुलिस के विशेषण की तरह याद किये जाते थे किंतु बहुत दिनों से पुलिस वालों ने उस विशेषण से पीछा छुड़ा लिया है क्योंकि अब राठौर जैसे वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ और भी बड़े बड़े विशेषण जुड़ने लगे हैं। किसी ज़माने में किसी कवि ने लिखा था कि - कुत्ता कहने से बुरा मानते पुलिस वाले
रक्खा निज ठौर का फिर नाम कुतवाली क्यों
राजनीति को सर्वग्रासी कहा जाता है सो वो अब विशेषणों से लेकर गालियों तक सब कुछ हज़म करने लगी है। गालिब पहले ही कह गये हैं कि – गालियाँ खा के बेमज़ा न हुआ। किसी ज़माने में जब राम जेठमलानी भाजपा में थे तब उन्होंने बोफोर्स काण्ड पर राजीव गान्धी से प्रति दिन दस सवाल पूछने का सिलसिला शुरू किया था शायद वे राजीव जी की क्षमता पहचानते थे और नहीं चाहते होंगे कि एक दिन में ज्यादा सवाल पूछ कर सारे उत्तर एक साथ माँगे जायें। राजीवजी ने उनके किसी सवाल का तो उत्तर नहीं दिया था अपितु इतना भर कहा था कि कुत्ते भौंकते ही रहते हैं। प्रति उत्तर में अपने समय के नामी वकील जो अभी मनु शर्मा की वकालत करने में भी बिल्कुल नहीं शरमाये थे उत्तर में कहा था कि कुत्ता चोर को देखकर ही भौंकता है।
लोगों के शौकों का पता धीरे धीरे ही चलता है हाल ही में पता चला है कि भाजपा के नये अध्यक्ष नितिन गडकरी को मुहावरे दार भाषा बोलने का बहुत शौक है और इसी शौक के वशीभूत उन्होंने कह दिया कि लालू और मुलायम कुत्ते की तरह सोनिया जी के तलुवे चांटते है। अब ये बात काँग्रेसियों को कैसे हज़म हो सकती है कि उनके हक़ को दूसरी पार्टी के लोग हड़प जाएं। उन्होंने विरोध किया तो भारतीय संस्कृति के गौरव माननीय गडकरी जी ने कहा कि उन्होंने तो मुहावरे में कुत्ता कहा था। कल्पना करें कि अगर उन्होंने उक्त स्पष्टीकरण नहीं दिया होता तो हो सकता था कि लोग सोचते कि सोनिया जी के तलुवे इतने साफ सुथरे इसलिए रहते हैं। यह् रहस्य अब समझ में आया।
आदरणीय गडकरीजी जब मुहावरेदार भाषा का प्रयोग करते हैं तो उन्हें पता ही होगा कि हिन्दी में मुहावरों का भण्डार भरा हुआ है। इनमें से कुछ हैं- राम नाम जपना पराया माल अपना मुँह में राम बगल में छुरी राम मिलायी जोड़ी, इक अन्धा इक कोड़ी राम नाम ले हज़म कर गये, गौशाला के चन्दे इत्यादि मुहावरे कम पड़ जायें तो इस अकिंचन को सेवा का अवसर दें। आप जैसे मुहावरेदार महानुभाव की सेवा करके मुझे बड़ी खुशी होगी।
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मो. 9425674629

मंगलवार, मई 04, 2010

शौचालय और मोबाइल की क्या तुलना

शौचालय और मोबाइल की क्या तुलना
वीरेन्द्र जैन


कभी आदमी की मौलिक ज़रूरतों में रोटी कपड़ा और मकान हुआ करता था किंतु अब प्रथिमिकताएं बदल गई हैं, रोटी कपड़ा और मकान की जगह रोटी कपड़ा और मोबाइल ने ले ली है।
मकान न हो तो चलेगा। वैसे भी अगर मोबाइल आ जाये तो आदमी मकान से बाहर ही निकलता है। ओशो रजनीश की भाषा में कह सकते हैं कि मकान से मोबाइल तक अर्थात मकान पहला कदम है और मोबाइल उसकी मंज़िल। जो पहले कदम पर ही जम कर बैठ गया तो उसे मंज़िल कैसे मिलेगी। पहला कदम ज़रूरी है पर उसी पर टिक कर नहीं रह जाना है। ओशो यही सिखा गये हैं।जड़ से चेतन की ओर यात्रा।
मकान है और मोबाइल आ गया तो पड़ोसियों को कैसे पता लगेगा कि हमारे पास मोबाइल आ गया है तो सिग्नल बाहर आकर ही मिलते हैं और इसी बाहर आने से सिग्नल बाहर तक पहुँचते भी हैं। मोबाइल आ गया तो अपनों के प्यार भरे फोन भी आयेंगे और फोन आयेंगे तो बातें भी होंगीं अब वे बातें ऐसी तो होती नहीं जैसे कि सास बहू के सीरियल हों या झगड़े हों, जो घर परिवार के सभी सदस्यों के बीच कह-सुन ली जायें सो बाहर तो निकलना ही पड़ेगा। कहने का मतलब यह कि मोबाइल ने आदमी को मोबाइल अर्थात गतिवान बनाया है। घर से बाहर निकल खेत की ओर चल.....[निदा फाज़ली से क्षमा याचना सहित]
मोबाइल के कई उपयोग होते हैं जैसे कि आप उसे कान से लगाकर प्राणांतक कवि गोष्ठी से बाहर निकल कर सुख-संतोष की सांस ले सकते हैं, और कोई आपको सींग पुच्छविहीन पशु भी नहीं कह सकता है, क्योंकि ज़रूरी काल आया है। इसकी कालर ट्यून तो मरघट तक में हो गयी तेरी बल्ले बल्ले कर सकती है।
कितने गिनवाऊँ मोबाइल के फायदे ही फायदे हैं, पर कुछ लोग हैं जिन्हें तुलना करने की बीमारी होती है वे तुलना ही करते रहते हैं जैसे कि कोई कांग्रेसी कहे कि भाजपा ने गुजरात में गुजरात में तीन हज़ार मुसलमान मार डाले तो वे पलट कर कहते हैं कि इससे ज्यादा तो तुमने 1984 में सिख मार डाले थे। ऐसे ही लोग कहते हैं कि देश में शौचालय से अधिक मोबाइल हो गये हैं। अरे भाई शौचालय अपनी जगह और मोबाइल अपनी जगह। यही देखो कि शौचालय मोबाइल में तो आ नहीं सकता किंतु मोबाइल शौचालय में जा सकता है। छोटे बच्चे तक अपनी मम्मी से कहने लगे हैं कि मम्मी तुम टायलेट से बाहर रहो और मोबाइल से पूछती रहो कि छिछ्छी की या नहीं। शौचालय का उपयोग दिन में एक दो बार होता है किंतु मोबाइल का उपयोग दिन में दो सौ बार हो सकता है। शौचालय में तो अनावश्यक रूप से पानी की बरबादी होती है क्योंकि किये कराये पै पानी फेरना होता है किंतु मोबाइल में एक बून्द भी पानी की चली जाये तो उसकी बोलती बन्द हो जाती है। यही कारण है कि पानी बचाओ आन्दोलन वाले उसी पेज पर मोबाइल के दस बीस विज्ञापन छापते रहते हैं जिस पेज पर पानी बचाने की दस बीस लाइनें छपी होती हैं। पानी बचाने की यह भी एक तरक़ीब है कि मोबाइल को पास रखो जिसे पानी से दूर रखना पड़ता है। शौचालय को गन्दा स्थान समझा जाता रहा है कि जिसमें आदमी को मजबूरी में ही जाना होता है और वह वहाँ से शीघ्रातिशीघ्र बाहर आना चाहता है किंतु मोबाइल ऐसी चीज होती है जिसे दिन में तो क्या रात में भी दूर नहीं रखा जाता। साइलेंट या बाइब्रेशन मूड में तो इसे दिल के और ज्यादा करीब रखा जाता है। क्या कभी किसी ने मोबाइल में से बदबू आने की शिकायत की है या मोबाइल सुधारने वाले को किसी ने कभी अछूत समझा है? शौचालय जड़ है जबकि मोबाइल चेतन होने के सारे गुण रखता है वह धड़कता है, बोलता है, गाता है, संगीत सुनाता है, मनोरंजन करता है, सन्देशों का आदान प्रदान करता है। अब आप ही बताइए कि मोबाइल की शौचालय से क्या तुलना?
हमारे ऋषि मुनि जब हिमालय पर तपस्या करने जाते थे तो महीनों सालों तक शौचालय के बारे में सोचते तक नहीं थे किंतु अपनी आत्मा के मोबाइल से परम पिता परमात्मा से डायलोग करते रहते थे। यह हमारी पुरानी परम्परा का थ्री जी सिस्टम था जिससे संजय युद्ध का ताजा हाल महल-बैठे अन्धे धृतराष्ट्र को सुनाता रहता था। अनेकानेक जगहों को हमने महाभारत काल, रामायण काल के स्मारकों की तरह संरक्षित कर रखा है किंतु इन पौराणिक काल की पांडव कुटीरों आदि में कहीं भी शौचालय नज़र नहीं आते। ये गन्दी सोच तो आज के लोगों की है कि शौचालय के बारे में सोचते हैं। हमारे किसी भी काल के किसी भी पौराणिक ग्रंथ में इसे समस्या के रूप में नहीं लिया गया और ना ही वर्णन किया गया। जबकि बाकी के सारे काम किये जाने के श्लोक मिल जाते हैं। इसलिए अगर शौचालय की तुलना में मोबाइल बढ रहे हैं तो स्वाभाविक है। दर असल जिनके यहाँ शौचालय नहीं हैं उन्होंने कभी चिंता प्रकट नहीं की, आज तक कोई आन्दोलन शौचालय की माँग को लेकर नहीं हुआ, जबकि यह खुरापात तो उनके दिमागों की उपज है जिनके यहाँ एक बैड रूम से अटैच रहता है और दूसरा बाथ रूम से। जिनके यहाँ शौचालय नहीं हैं वे पक्के राष्ट्रवादी हैं और पूरे देश को माँ की गोद समझते हैं। मिनरल वाटर की बोतल में सादा पानी भरा और लोगों की नज़रें बचा के जहाँ जगह मिली सो हज़रते दाग की तरह बैठ गये, बैठ गये। और एक बार जहाँ बैठे वहाँ दुबारा नहीं देखा। हर बार एक नई जगह की तलाश में कोलम्बस की तरह निकल पड़ते हैं।
इसलिए प्यारे भाइयो, बहिनो और पत्रकार बन्धुओ, कृपया मोबाइल से शौचालय की तुलना न करें अपितु शौचालय से शौचालय की और मोबाइल से मोबाइल की तुलना करें। तुलना बराबरी वालों में ही ठीक रहती है।
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मो. 9425674629

शुक्रवार, अप्रैल 23, 2010

व्यंग्य - डाकिये और कुत्ते

व्यंग्य
डाकिये और कुत्ते
वीरेन्द्र जैन
डाकिया बेचारा क्या करे। दर दर भटकना उसकी मजबूरी है। भिखारी और डाकिये में इतना ही फर्क होता है कि भिखारी लेने के लिए आता है और डाकिया देने के लिए आता है। भिखारी टेर लगाता है, एडवांस में दुआएं लुटाता है जबकि डाकिया चुपचाप डाक डाल कर चला जाना चाहता है पर ऐसा हो नही पाता! बंगलों पर बंगले में रहने वालों के नाम पट के साथ कुत्तों से सावधान रहने के बोर्ड भी लगे होते हैं। अब बेचारा कुत्तों से सावधान रहने के चक्कर में रहे तो डाक नही बांट सकेगा और उसकी नौकरी खतरे में पड़ सकती है। पर सावधान न रहने पर जिन्दगी खतरे में पड़ सकती है। बहुत धर्म संकट रहता है बिल्कुल उत्तर भारत के मतदाओं जैसा कि इधर कांग्रेस् उधर भाजपा, यहॉ कुंआ वहां खाई- कहॉ जायें भाई।

बंगलों और कुत्तों का नेता और चमचों जैसा चोली- दामन नुमा साथ होता है। ऐसा लगता है जैसे बंगले बनाये ही कुत्तों के लिए जाते हों। बंगलें में चाहे ड्राइंग रूम, लॉन, पोर्च आदि हो या न हो पर कुत्ता जरूर होता है- गोया बंगले के साथ फ्री मिलता हो। घंटी बजने के उत्तर में सबसे पहले कुत्ता ही उत्तर देता है जिससे डाकिये की टांगे थरथराने लगती हैं। बंगले वालों की डाक वह बाहर से भी नहीं फेंक सकता। उनकी डाक में ज्यादातर शेयरों के एलाटमेन्ट या वापिसी के चैक आते हैं जो रजिस्टर्ड डाक से आने के कारण उनको दस्तखत कराके देना पड़ते है। दरवाजा खुलते ही सबसे पहले कुत्ता ही निकलता है। उसकी समझ में नहीं आता कि मालकिन को बिना बाहों वाले वस्त्रों में देखकर श्रृंगार भाव जगाये या कुत्ते के भय से भयभीत हो। इधर दिल मचलता है तो उधर पेंट गीली हो जाने का खतरा मंडराता है। डाकिये के पास गैस सिलेन्डर वाले जैसा भारी भरकम सामान भी नही होता कि कुत्ते के काटने की दिशा में उस पर पटक देने की सुविधा हो, ना ही वह अखबार वाले की तरह पुंगी बना कर फेंक सकता है। उसे तो धीरे से किवाड़ के नीचे से सरकाने या पर्सनल लैटर बॉक्स (यदि लगा हो) में डालना होती है। कोई हाथ में ले ले तो और भी अच्छा ।

एक बार एक भौंकते हुऐ कुत्ते को देखकर डाकिये ने बाहर से ही पूछा था- यह काटता तो नहीं है ?

'' आ जाओं, आ जाओं '' मालिक ने उत्तर में कहा था।
'' मै पूछ रहा था यह काटता तो नहीं है,'' डाकिये ने प्रश्न दुहराया था।
'' आ जाओं कुत्ता नया खरीदा है और इसकी यही जॉच करनी है, बेचने वाले ने तो कहा था कि बाहरी आदमी को देखते ही टूट पड़ेगा'' मालिक ने स्थिति साफ की थी।

कुत्तों के बारे में मित्र लोग दूसरों को यह सलाह देते हैं कि कुत्ते के भोंकने पर भागना नहीं चाहिए। वैसे ऐसी सलाह देने वाले लोगों को सबसे पहले भागते हुए देखा जाता है। जिस बंगले का कुत्ता काटने दौड़ता है उस बंगले के आसपास वाले दो तीन बंगलों की डाक बिना बंटी ही रह जाती है।

पहले डाकियों की वर्दी का रंग गलत था। वह पुलिस वालों जैसे खाकी वर्दी पहनते थे। भले ही उस वर्दी पर पुलिस वालों जैसा कलफ नहीं लगा रहता तथा उनकी वर्दी की धुलाई का एलाउन्स अन्य कामों में आता हो पर कुत्तों को तो यह ज्ञान नहीं होता वे तो उन्हें खाकी वर्दी में देखकर अपनी ही जाति का समझ कर ही गुर्राने लगते थे। अब अच्छा हुआ हैं कि उनकी वर्दी का रंग नीला कर दिया गया है।

सुधारों के इस क्रम में डाकियों की भर्ती के समय जो आवश्यक बातें जॉचना चाहिए वे इस प्रकार हो सकती हैं कि:-

1- डाकिये को अच्छा दौड़ने वाला होना चाहिए।

2- वह चप्पल पहिनने वाला नहीं होना चाहिए।

3- उसे चरित्र का मजबूत होना चाहिए जो मालकिन और कुत्ते के एक साथ प्रकट होने पर कुत्ते से अधिक सावधान रहे।

4- उसे पेट में लगने वाले इन्जेक्शनों के प्रति भयग्रस्त नही होना चाहिए।

5- उसे कुत्ते वाले बंगलों की डाक को पंच तत्व में विलीन कर अंतिम संस्कार की क्रिया में भी पारंगत होना चाहिए ताकि वक्त जरूरत पर काम आ सके।

श- उसे गाय के महत्व पर एक प्रवचन याद होना चाहिए ताकि वह कुत्ते पालने वालों को गाय का महत्व समझा सके।

7- उसे नई तकनीक जैसे- फोन, फेक्स, ई- मेल और कोरियर सेवा के बारे में अच्छी जानकारी होना चाहिए तथा मौका मिलते ही उनके महत्व को समझाना चाहिए। खास तौर पर कुत्ते वाले बंगलों वालों को।

8- सम्भव हो सके तो उसे जिरह बख्तर पहना कर डियूटी पर भेजा जाना चाहिए ताकि लोग महाराणाप्रताप को नहीं भूलें।
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल मप्र
फोन 9425674629

बुधवार, अप्रैल 14, 2010

एक लतीफा - माँ मैं तुम्हें मिस कर रहा हूँ

एक लतीफा
माँ मैं तुम्हें मिस कर रहा हूं
एक पोस्ट का शीर्षक पढते पढते अचानक ही एक लतीफा हो गया तो सोचा कि
उसे आपसे शेयर कर लिय जाये
- ---------------------------------------------------------------
बेटे का हास्टल से फोन आया तो माँ और बेटा दोनों ही भावुक हो गये। बेटा बोला माँ मैं तुम्हें मिस कर रहा हूं.....। सुन कर माँ शर्मा गयी और बोली बेटे पहले मैं मिस ही थी पर तुम्हारे पिताजी ने ही मुझे मिसेज बना दिया। ये तो वन वे ट्रैफिक है अब में दुबारा मिस नहीं हो सकती।
veerendra jain
2/1 shaalimaar sterling
raisen road BHOPAL
9425674629

सोमवार, अप्रैल 12, 2010

द्वार खटखटाती मालिन

व्यंग्य
द्वार खटखटाती मालिन
वीरेन्द्र जैन

रेडियो मिर्ची पर गाना बज रहा है। गाना मधुर है पर कुछ नेताओं को गाना मीठा लगने की जगह मिर्ची सा लग रहा है। गाना कुछ यूं है-

मेरा नाम है चमेली
में हूं मालन अलबेली
चली आई मैं अकेली बीकानेर से
ओ दरोगा बाबू बोलो
जरा दरबज्जा तो खोलो
खड़ी हूँ मैं दरबज्जे पै कितनी देर से

द्वार खटखटाये जा रहे हैं पर दरोगा बाबू हैं कि दरबज्जा ही नहीं खोल रहे हैं। वे कह रहे हैं अब मालिन की जरूरत नहीं हैं, हमारे पास मालिनी है, हेमा मालिनी। जब मालिन की जरूरत थी, तब थी। अब मालिनी ज्यादा भीड़ जुटा रही है।
मालिन कह रही है कि मैं तो सर्वेंट क्वार्टर में ही रह लूंगी तुम्हारे ड्राईंग, ड्रैसिंग, और डायनिंग रूम में नहीं आऊंगी पर दरोगा बाबू पसीज ही नहीं रहा है कहता है कि बाहर तुम से पहले ही लौटने वाले बुद्धू लाइन लगा कर खड़े हैं जिनमें कई तो भक्त प्रह्लाद जैसे हैं पर क्या करें हमारा ही ठिकाना नहीं है, चौबेजी छब्बे बनने निकले हैं पर पता नहीं दुबे भी रह पाते हैं या नहीं! कवि केदारनाथ अग्रवाल कह गये हैं कि-
कागज की नावें हैं, तैरेंगीं तैरेंगीं
लेकिन वे डूबेंगीं
डूबेंगीं
डूबेंगीं
पूरब पशचिम उत्तर दक्षिण सब तरफ से लोग भाग रहे हैं। मालिन कह रही है कि वो जसवंत सिंह वाला कमरा खाली हो गया है उसी को दे दो। अब तो उसका मुक़दमा भी निबट गया है। दरोगा कहता है कि मैं क्या कर सकता हूँ हमारे ऊपर भी एसपी है डीआइजी है आईजी है और ये नीचे वाले भी हैं, जो तुमसे खार खाये बैठे हैं अगर मैंने दरबज्जा खोल दिया तो आंगन में दीवार उठ जायेगी। मुझे भी बाहर का रास्ता दिखा दिया जायेगा। पहले भी एक बार ऐसा हो चुका है। बड़ी मुश्किल से दुरुस्ती हुयी है।
मालिन फिर से घर की बेटी बनना चाहती है पर दरोगाबाबू बाप बनने को तैयार नहीं है। वह अपने आप को लौहपुरूष कहलवाता फिरता है। पिछले दिनों जंग लग गयी थी तो बड़ी मुशिकिल से मिट्टी का तेल लगवा कर छुटवायी है अब कोई खतरा मोल नहीं लेगा। इस घर में कभी भी शादी व्याह का अवसर आ सकता है और काम करने वालों की जरूरत भी है पर दरोगा बाबू टंटा मोल नहीं लेना चाहता। पिछले दिनों अपने वाले ही ढाई करोड़ रुपये लेकर चंपत हो गये थे पर किसकी रिपोर्ट करते! इस घर को आग लग गई घर के चिराग से। और तुम तो सीधी फायर ब्रांड कहलाती हो एक बार में ही मुँह झुलसाये बैठे हैं।
जाओ बाई बाहर बाहर जो करना हो सो करो, इस घर में तुम्हारी कोई जगह नहीं है। अब कह दिया सो कह दिया, अब जाओ चाहे कुम्भ के मेले में जाओ या केदारनाथ जाओ। तुम घर में घुसना चाह रही हो और तुम्हारे टैंक रूट मैप पूछ रहे हैं। अब रूट मैप बताना हमारे वश का नहीं है, प्लीज़ गो आउट।
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल मप्र
फोन 9425674629

गुरुवार, अप्रैल 08, 2010

लघुकथा[व्यंग्य] अनुशासित टिकिटार्थी

लघुकथा[व्यंग्य]
अनुशासित टिकिटार्थी
वीरेन्द्र जैन
देश में अचानक चुनाव आ गये थे। बिना न्यूनतम साझा कार्यक्रम के गठबन्धन बनाने पर चुनाव भी मौत की तरह कभी आ सकते हैं। ताबड़तोड़ चुनावी तैय्यारीं शुरू हो गयीं। हमारे देश में चुनाव आने पर सबसे पहले अपने ही दल के लोगों से टकराना पड़ता है क्योंकि अपना टिकिट पाने के लिए दूसरे का कटवाना ज़रूरी होता है। सबसे पहले दूसरे टिकिट चाहने वालों के दबे छुपे सारे अवगुण उज़ागर करने होते हैं और अपने गुण बताने होते हैं।
एक राष्ट्रवादी, हिन्दुत्ववादी, दल के ऐसे ही एक प्रत्याशी ने अपने दल की वरिष्ठ उपाध्यक्ष जो एक प्रसिद्ध नृत्यांगना और फिल्म अभिनेत्री हैं, को अपना बायोडेटा भेजते समय विशेष उल्लेख में लिखा-
बैंक खाता - बैंक ओफ राजस्थान
पानी - हमेशा केंट का
पत्रिका - मेरी सहेली
नहाने का साबुन - पियर्स सोप
पसन्दीदा फिल्में - शोले, चरस, सीता और गीता, जुगुनू, बर्निंग ट्रेन, त्रिशूल ,जोशीला, लाल पत्थर, बाग़वान, वीर ज़ारा आदि अतिरिक्त
पसन्दीदा टीवी शो - लाफ्टर चैलेंज[सिद्धू वाला]
शराब - डिप्लोमट /बैग पाइपर्[शत्रुघ्न सिन्हा निर्देशित]
कपड़े धोने का साबुन - निरमा[दीपिका चिखलिया वाला]
आवेदक ने बैंक आफ राजस्थान की पास बुक की फोटोकापी, साबुनों के रेपर, पत्रिका का कवर पेज, सिनेमा के फटे हुये टिकिट और वाटर फिल्टर की रशीद संलग्न की। अब वह टिकिट की प्रतीक्षा में रामायण पाठ में लगा हुआ है। उसे भरोसा है कि टिकिट मिल ही जायेगा।
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल मप्र
फोन 9425674629

रविवार, मार्च 28, 2010

व्यंग्य - दुखी होने में^ सुखी होने waale

व्यंग्य
दुखी होने में सुखी होने वाले
वीरेन्द्र जैन
वे रोते हुये पैदा हुये थे और जिन्दगी भर तक उसी अवस्था में बने रहना चाहते हैं। चाहते तो वे ये भी हैं कि जब ये दुनिया छोड़ के जायें तो कोई भी हँसता हुआ नहीं मिले, पर ऐसा होता कहाँ है कि चाहा हुआ पूरा हो जाये। वे कई दिनों तो इसी बात पर दुखी हो चुके हैं कि ये दुनिया लोगों के दुखी होने पर भी हँसती है और कुछ ज्यादा ही हँसती है। केले के छिलके पर पैर पड़ने से न जाने कितने लोग गिरे पर होंगे पर उससे कई गुना लोग उन गिरते हुये लोगों को देख कर हँसे होंगे। लोग अन्धों पर हँसते हैं, बहरों पर हँसते हैं, लंगड़ों पर हँसते हैं कुबड़ों पर हँसते हैं, तुतलों पर हँसते हैं, हकलों पर हँसते हैं। पड़ोसी का बच्चा फेल हो जाये तो हँसते हैं और पड़ोसी की लड़की किसी लड़के के साथ भाग जाय तो हँसते हैं, पर अगर पड़ोसी की लड़की किसी दूसरी लड़की के साथ भाग जाये तो और ज्यादा हँसते हैं।
उन्हें लगता है कि यह दुनिया दुखी होने के लिए ही बनी है और जिस दिन लोग दुखी होना बन्द कर देंगे उस दिन ये दुनिया नष्ट हो जायेगी। बुद्ध ने कुछ लोगों के दुख को देख कर सन्यास लेने का फैसला किया था ताकि दुनिया का दुख दूर करने के बारे में सोच सकें। तभी वे भगवान बन सके। आज सारी दुनिया में बौद्ध धर्म इसी कारण से तो छाया हुआ है भले ही इसे झुठलाने के लिए लॉफिंग बुद्धा को प्रचारित कर दिया गया। हिन्दुओं ने इसे मृत्युलोक कहा है और जैनों का तो कहना है कि दुनिया दुखों की खान है तथा सच्चा आनन्द तो मोक्ष में है।
वे सुबह से दुख की खोज में ऐसे निकलते हैं जैसे कि मछुआरे मछली पकड़ने के लिए निकलते हैं। सर्दी हो तो दुखी हो जाते हैं, और गर्मी हो तो दुखी हो लेते हैं। हवा ज्यादा चल रही हो तो दुख है और हवा न चल रही हो तो दुख है। बरसात नहीं हो तो फसल कम होने की आशंका में दुखी होते हैं और ज्यादा होने पर बाढ आने की आशंका में दुखी होते हैं। बरसात हो तो कीचड़ होने व कपड़े न सूख पाने के कारण दुखी होते हैं और न हो तो बीमारी फैलने की आशंका में हो लेते हैं।
लड़कियां कम कपड़ों में दिखें तो दुखी होते हैं और मुँह पर दुपट्टा लपेटे दिखें तो भी दुखी हो लेते हैं। बस देर से आये तो दुखी होते हैं और ज्यादा बसें आने पर वे ट्रैफिक के बहुत बढ जाने व प्रदुषण वृद्धि पर दुखी हो लेते हैं
उनसे कोई अखबार मांगे तो दुखी मन से देते हुये कहते हैं, कुछ खास नहीं है आज। वे चाहते हैं कि एक दो दुर्घटनायें, पांच सात कत्ल, एकाध दर्ज़न बलात्कार, कहीं साम्प्रदायिक तनाव, आदि नहीं घटे तो अखबार के पैसे बेकार गये। जब ट्रेन में बार बार टिकिट चेकर आता है तो दुखी होते हैं पर जब कहीं टिकिट चेक नहीं होता तो और ज़्यादा दुखी होते हैं कि टिकिट के पैसे बेकार गये। अगर टीसी ट्रेन में ही रिजर्वेशन दे दे तो उन्हें लगता है कि भीड़ नहीं थी जनरल डिब्बे में भी जया जा सकता था, और नहीं दे तो उन्हें लगता है कि साला ऊपर से पैसे देने वालों को ही देगा। रिजर्वेशन के डिब्बे में कम सवारियाँ हों तो उन्हें खुद को खर्चीला और दूसरों को मितव्ययी होते जाने का दुख होने लगता है।
सरकारी काम में देर लगे तो भ्रष्टाचार की आशांका में दुखी होते हैं और अगर सचमुच रिशवत देकर काम निकालना पड़े तो कई दिनों के दुखों का स्टाक एक साथ पा लेते हैं।
बच्चे खेलने जायें तो दूसरों से लड़ाई झगड़े का डर सताने लगता है और न जायें तो वे बीमार लगने लगते हैं। घर का कोई सदस्य देर से घर आये तो उन्हें दुर्घटना की तरह तरह के नमूने दुखी करने लगते हैं। छींक आने पर निमोनिया और फुंसी होने पर उन्हें केंसर की गांठ का अनुमान होने लगता है।
बाजार में अगर सुन्दर सब्जी मिले तो उन्हें आयतित खाद से दूषित नजर आने लगती है और खराब मिले तो गाँव की याद आने लगती है। मिठाई में नकली मावा, नमकीन में खेसरी दाल ,धनिया में लीद, और काली मिर्च में पपीते के बीज होने का ख्याल स्वाद लेने से पहले ही लेने लगते हैं। दूध वाले के आते ही उन्हें पानी की मिलावट का ध्यान आता है और डेरी के दूध में पाउडर मिल्क सूंघ लेते हैं। घी के बारे में तो बिल्कुल ऐसे आश्वस्त रहते हैं कि वह नकली ही होगा, जितना कि कोई आस्तिक ईश्वर के बारे में होता है जिसे उसने तो क्या उसकी सात पीढियों ने भी नहीं देखा होता।
साहित्य में अच्छी रचना उन्हें विदेशी साहित्य की नकल लगती है और खराब रचना उससे भी ज्यादा खराब लगती है जितनी कि वह होती है। छंद उन्हें गंवारू लगता है और नई कविता पागलपन। गीत किशोर वय का रूमान लगता है और वीर रस को भौंकने से अधिक महत्व तब देते हैं जब मंच पर हास्य व्यंग्य के नाम पर चुटकलेबाजी दिखती है। बड़ी रचना को बकवास मानते हैं और छोटी रचना को चुटकला समझते हैं। चुटकले को तो वो रचना मानते ही नहीं जबकि सबसे पहले उसी को पढते हैं। किसी को पुरस्कार मिले तो वह जुगाड़ होता है और नहीं मिले तो अन्याय कि आखिर यह आदमी बेकार ही इतने कागज काले करता रहा। इससे तो सट्टा खिला कर ज्यादा कमा लेता।
जब काम होता है तो वह बहुत होता है और जब काम नहीं होता तो वक्त उन्हें काटने को दौड़ता है। कोई नमस्कार नहीं करता तो उन्हें दुनिया में समाज नष्ट होता नजर आता है और कोई नमस्कार करे तो उन्हें किसी स्वार्थ की गंध आने लगती है।
गांव जाते हैं तो बिजली की कमी, गन्दगी और निठल्लापन बुरा लगता है, और शहर में बढती आपाधापी, स्वार्थ, मंहगाई, प्रदूषण, आदि परेशान करते हैं। उन्हें जब भी दिखता है बुरा दिखता है। उनका अलिखित सिद्धांत है कि मूल तो दुख है, और सुख तो एक भ्रम है जो कभी कभी बादलों की तरह छा कर छंट जाता है।
वे आत्महत्या के सर्वाधिक सुपात्र व्यक्ति हैं जिसे वे कभी नहीं करेंगे क्योंकि उसके बाद वे दुखी नहीं हो सकेंगे, जिसके लिए वे जी रहे हैं।
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल मप्र फ़ोन 9425674629