उमाभारती लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
उमाभारती लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, जून 27, 2011

व्यंग्य राहुल गान्धी की नई टीचर



व्यंग्य

राहुल गान्धी की नई टीचर

वीरेन्द्र जैन

राहुल गान्धी को सारे के सारे लोग ही पाठ पढाने लग गये हैं। उमाभारती उनकी नई टीचर बनने की कोशिश कर रही हैं। राहुल के जन्मदिन पर उन्होंने पाठ पढाया कि उन्हें संघ और बढों का सम्मान करना चाहिए। इसके लिए उन्होंने उन्हें उनके पिता के नाना जवाहरलाल नेहरू का उदाहरण दिया जिन्होंने 1962 में चीन के साथ चल रहे युद्ध के दौरान संघ को दिल्ली का ट्रैफिक सम्हालने की जिम्मेवारी सौंपी थी। यह ऐसा ही है कि घर में आग लगने पर अगर कोई पड़ोसी की छत पर कूद जाये तो बदले में पड़ोसी रोज रोज रात बिरात उसकी छत पर कूदने का अधिकार जमाने लगे। पर वे यह भूल गयीं कि बंगलादेश के स्वतंत्रता अभियान के समय पाकिस्तान के साथ युद्ध में अटल बिहारी वाजपेयी ने श्रीमती इन्दिरा गान्धी को दुर्गा कहा था।

संघ परिवार इतिहास को उतना ही याद रखना चाहता है जितने से उसे राजनीतिक लाभ मिले। मीठा मीठा गप, कढुवा कढुवा थू। उन्हें यह याद नहीं आया कि 1948 में नेहरूजी ने महात्मा गान्धी की हत्या के बाद ही संघ पर प्रतिबन्ध लगा दिया था या राहुल की दादी ने इमरजेंसी के दौरान अटल बिहारी बाजपेयी समेत संघ के सैकड़ों कार्यकर्ताओं को जेल में डाल दिया था जहाँ से वे माफी माँग माँग कर बाहर निकले थे और फिर उसके लिए ऐसे पेंशन माँगने लगे थे, जैसे महात्मा गान्धी रोजगार गारण्टी योजना के अंतर्गत मजदूरी कर के आये हों।

मजे की बात यह भी है कि सम्मान की यह सलाह सुश्री उमा भारती दे रही हैं, जिनके द्वारा 2006 में प्रैस के सामने उन अडवाणीजी का किया गया ‘सम्मान’, जिन्हें वे पितातुल्य बताती रही हैं, सबकी स्मृति में है। 2003 में जब उन्हें उनके अनचाहे केन्द्र में मंत्री पद से वंचित कर मध्य प्रदेश में चुनाव लड़ने भेज दिया गया था तब उन्होंने अपने बड़े भाई तत्कालीन मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के खिलाफ अपने मुखारबिन्द से जो सम्मान सूचक उद्गार व्यक्त किये थे, वे सबकी स्मृति में हैं। उन्होंने कहा था कि दिग्विजय सिंह को सड़क के गड्ढों में पटक पटक कर बिजली का करंट लगाना चाहिए। जब उन्होंने किसी काम के लिए उनसे हैलीकाप्टर माँगा था और किसी ने मिलने पर सन्देह व्यक्त किया था तो उनका कहना था कि हैलीकाप्टर क्या दिग्विजय सिंह के बाप का है, जो नहीं मिलेगा। साध्वी के भेष में रहने वाली उमाजी ने गुड़ खाना रोकने वाले बाबाजी की कहानी नहीं सुनी! कैसे सुनेंगीं क्योंकि उन्हें तो आजकल एक ही बाबा रामदेव नजर आते हैं जिन्हें वे आडवाणीजी के प्रत्याशी होते हुए भी प्रधानमंत्री बनवाने की इच्छा रखती हैं।

उमाजी ने यह सलाह वरुण गान्धी को नहीं दी जो अब उन्हीं की पार्टी के सांसद हैं और जो मुसलमानों के हाथ काटने का आवाहन करते समय उम्र की कोई सीमा तय नहीं करते कि छोटे मुसलमान के साथ क्या करेंगे और बड़े मुसलमान के साथ क्या करेंगे।

मध्य प्रदेश के जिन मुख्यमंत्री पर उन्होंने उनकी हत्या करवाने का आरोप लगाया था, अब उन्हीं के दरवाजे पर ढोक देने के बाद भी उन्हें प्रदेश में प्रवेश न करने की शर्त पर पार्टी में जगह दी गयी, और शर्त यहाँ तक कठोर है कि अपने बीमार भाई को देखने आने के लिए भी उन्हें छुप छुपा कर आना पड़ता है, -मैं तुमसे मिलने आयी,मन्दिर जाने के बहाने - की तरह। वे जिस प्रदेश में मुख्यमंत्री रहीं, जहाँ उन्होंने हिम्मत हारे नेताओं में आकर अपनी पार्टी की सरकार बनवायी, और उस सरकार को अपना बच्चा बताती रहीं, उसी को अब जशोदा जी पाल रही हैं, उसी प्रदेश में उनका प्रवेश वर्जित है- नो एंट्री। मम्मीजी अपने बच्चे का दुख दर्द भी नहीं पूछ सकतीं, कि हाय पप्पू कैसे हो। मामला कुछ कुछ अबला जीवन हाय तुम्हारी यही कहानी जैसा हो रहा है। जब उनके अपने प्रदेश में कोई उनसे पाठ पढने की हिम्मत नहीं जुटा सकता तो दूसरे प्रदेश के लोग क्या तैयार होंगे।

मथुरा की गोपियां तो पहले से ही शिक्षा और आचरण के भेद को रेखांकित करती रही हैं और कहती रही हैं कि तुम कौन सी पाटी पढे हो लला, मन लेहु पै देहु छटाक नहीं। अब जब राहुल उमा भारती की पाटी पढ लेंगे तो क्या अपने छोटे भाई वरुण की तरह शाखा में ध्वज प्रणाम करने लगेंगे। दलित परिवार के घर में रात बिताने के बाद सुबह जल्दी उठ कर कहेंगे कि कोई खाकी नेकर पड़ा हो तो दे दो मुझे शाखा में जाना है। वैसे अगर वे ऐसा करने भी लगें तो भी संघ परिवार के लोग कहेंगे कि विदेशी मूल की संतानें नमस्ते सदा वत्सले मातृभूमे नहीं कह सकतीं।

लगता है कि शिक्षा गारण्टी योजना लागू होने के बाद भी कुछ लोगों को अनपढ बने रहना होगा। वैसे भी उमा भारती की क्लास ज्वाइन करने से तो यह बेहतर ही होगा।

वीरेन्द्र जैन

2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड

अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023

मो. 9425674629

रविवार, फ़रवरी 13, 2011

व्यंग्य - ब्लैंक चैक


व्यंग्य
ब्लेंक चैक
वीरेन्द्र जैन
पूंजीवादी युग में राजनीति की भाषा भी मौद्रिक हो जाती है। कभी सन्यासियों से उम्मीद की जाती थी कि वे ध्यान की मुद्रा में बैठे मिलेंगे। कई लोग तो यह भरोसा करने लगे थे कि उनके जैसी मुद्रा बना लो तो ध्यान लग जाता है। लोग बुद्ध महावीर आदि की मुद्राएं बना कर बैठ कर देखते थे, पर अब मुद्रा के नाम पर मुद्राएं अर्थात करैंसी का ही ध्यान आता है। कागजी मुद्राएं आने और बैंकिंग के विकास के बाद तो कागज की मुद्राओं के भी कागज चलने लगे जिन्हें चैक कहा जाता है। किसी जमाने में चेकों का भरोसा नहीं होता था क्योंकि खाते में बैलेंस हो या न हो पर चैक काटी जा सकती थी। फिर सरकार को लगा कि बैंक, जिसका मतलब ही होता है भरोसा, वह चेक के भुगतान न होने पर टूट जाता है, इसलिए बिना बैलेंस के चेक काटने को अपराध घोषित कर दिया। पर इससे बिना बैलेंस के चेक कटना तो बन्द नहीं हुए पर अपराधों के दर्ज होने की संख्या में जरूर वृद्धि हो गयी। आज सबसे ज्यादा लम्बित प्रकरणों की संख्या बिना भुगतान के चैक जारी करने वाले प्रकरणों की है।
लम्बित प्रकरणों की इस ढेरी में एक की वृद्धि और होने जा रही है। भूतपूर्व भाजपा नेत्री उमाभारती जो कभी अपने को साध्वी बताती थीं, अब अपने आप को चेक बताने लगी हैं और उन्होंने भाजपा के पक्ष में कटने की घोषणा कर दी है। यह चेक भी बिना कोई राशि भरे हुए जारी करने जा रही हैं जो उत्तर प्रदेश में पेयेबिल अर्थात भुगतान योग्य होगा। भले ही यह कोर बैंकिंग का जमाना हो जिसमें किसी भी बैंक शाखा के खातेदार का चेक कहीं भी भुगतान हो जाता हो, पर वे चैक को स्पेशियली क्रास्ड करके जारी कर रहीं है जिसका मतलब होता है कि यह किसी खास जगह की खास बैंक शाखा में ही जमा किया जा सकता है।
ब्लेंक चैक का अपना रहस्य होता है, यह चेक पाने वाले का जुआ होता है कि वह उसमें क्या राशि भरे। उमाभारती ने उत्तर प्रदेश के पिछले चुनावों में अपने उम्मीदवारों को वापिस बुला लिया था ताकि हिन्दू एकता बरकरार रहे इसलिए यह तो पता ही नहीं चला कि उनके खाते में बैलेंस था भी या नहीं। पर जब उन्होंने उपचुनाव में सोनिया गान्धी के खिलाफ अपना उम्मीदवार उतारा था और भाजपा को अपना उम्मीदवार बैठा कर उनका समर्थन करने का आवाहन किया था तब उनकी जमानत जब्त होने की सीमा से भी कम बैलेंस निकला था। गुजरात में उन्होंने गुरु के आदेश को बहाना बना कर अपने उम्मीदवार वापिस बुला लिए थे और अपने खाते के राज को राज ही रहने दिया था। मध्य प्रदेश में वे बड़ा मल्हरा और टीकमगढ दोनों ही जगह से हारी थीं। बड़ामल्हरा में तो उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री और उनके भाजपा के पुराने साथी शिवराज सिंह पर उनकी हत्या कराने का आरोप लगाया था, पर अब उन्हें अपने स्वास्थ की चिंता को भूलकर किसानों के लिए अपने कातिल के पास बैठने से कोई गुरेज नहीं है। भाजपा के बागियों के सहारे पूरे प्रदेश में उन्हें बारह लाख वोट जरूर मिले थे जो उनके अस्थिर मनोभावों के कारण अपने अपने रस्ते से लग चुके हैं। पर जहाँ उनके खाते में सबसे ज्यादा बैलैंस है वहीं पर उनका चेक भुगतान योग्य नहीं है। जहाँ भुगतान के लायक बताया जा रहा है वहाँ उनके खाते के बैलेंस का पता नहीं है।
ये चेक आखिर ब्लैंक क्यों है। क्या पैन नहीं हैं? और न हो तो भी कोई बात नहीं आजकल तो नेट बैंकिंग आ गयी है। बिना पैन के भी राशि यहाँ की वहाँ की जा सकती है। पर अपने खाते के बैलेंस का पता तो होना चाहिए, और अगर नहीं है तो एटीएम से पता किया जा सकता है क्योंकि अब तो सातों दिन चौबीसों घंटे एटीएम खुला मिलता है। ऐसा लगता है कि यह जीरो बैलेंस खाते का ब्लैंक चैक है। चेक लेने और देने वाले दोनों को पता है कि खाते की औकात क्या है, पर टुच्ची साहित्यिक संस्थाओं द्वारा दिये गये पुरस्कारों की तरह खाली लिफाफों का आदान प्रदान हो रहा है और दोनों ही अपनी जनता को बेबकूफ बना रहे हैं।
ये दीवालिया बैंक के जीरो बैलेंस खाते का ब्लैंक चैक है, जो उसको दिया जा रहा जिसका खाता ही नहीं खुल रहा है।
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मो. 9425674629