व्यंग्य हास्य-व्यंग्य लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
व्यंग्य हास्य-व्यंग्य लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, अगस्त 11, 2010

व्यंग्य - प्रेरणा की प्रेरणा

व्यंग्य
प्रेरणा की प्रेरणा
वीरेन्द्र जैन
वो तो अच्छा है कि लोग बाग आज के सत्तारूढ़ नेताओं की सलाहों पर ध्यान नही देते हैं बरना बेचारे बारहों महीने प्रेरणा लेते लेते परेशान हो जाते। सुबह से चाहे टीवी ख़ोलो या अखबार पढ़ो, उसमें कोई राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या जम्बो जैट मंत्रिमण्डल के दीगर मंत्री कहीं न कहीं कहते मिल जायेंगे कि देश की जनता को फलां फलां के जीवन से प्रेरणा लेना चाहिए। इन नेताओं की बात मानकर यदि कोई नागरिक प्रेरणा लेना शुरू कर दे तो बेचारा सब्जी लेने कब जायेगा। छत्तीस करोड़ देवता और दीगर महापुरूषों के इस देश में पॉच वक्त की नमाज की तरह पॉच वक्त प्रेरणा लेना भी शुरू कर दे तब भी प्रेरणा देने वाले कम नही पड़ेंगे पर आदमी के पास समय कम पड़ जायेगा।
सुबह सुबह प्रेरणा लेने के लिए निकले आदमी को देखकर चबूतरे पर स्थायी स्तंभ की तरह जमें बूढे आादमी- औरतें टोके बिना थोडे ही मानेंगे और पूछ ही लेंगे
- काय भईया सबेरें सबेरें कितै चले ?
- कउं नईं बाई, आज राणा प्रताप जयंती है सौ सोची कि नैक उनके जीवन से प्रेरणा लै आयें।
- हऔ भईया ऐन लैं आओ, नैकाद हमाये लानें भी लेत अईयों।
कस्बे में यह सबसे बुरी बीमारी पायी जाती है कि मुहल्ले के लोग टोके बिना नहीं मानते। । आप अकेले कुछ नही कर सकते मिलने जुलने वाले आपकी हर चीज में शमिल होना चाहते हैं। यदि आप उनसे यह भी कह दें कि हम तो प्रेम करने जा रहें हैं तो वे उसमें भी जोड़ देंगे कि थोड़ा हमारी ओर से भी कर लेना। शहरों में ऐसा नही है। एक तो आपका पड़ोसी भी आपको ठीक से नहीं पहचानता और पहचानता भी हो तथा उससे आप कहें कि मैं तो मरने जा रहा हूँ तो वो कहेगा - औ क़े बैस्ट ऑफ लक- और स्कूटर स्टार्ट करके फुर्र से उड़ जायेगा।
नेता सुबह गांधी के जीवन से प्रेरणा लेने की सलाह देता है तो शाम को सुभाष चन्द्र बोस के जीवन से प्रेरणा लेने की सलाह देता है। गणेश शंकर विद्यार्थी और श्यामा प्रसाद मुखर्जी दोनो से ही प्रेरणा लेने की सलाह एक साथ दी जा सकती है। गांधी के ठीक सामने सावरकर का चित्र लटकवाया जा सकता है और दोनों से ही एक साथ प्रेरणा लेने की प्रेरणा दी जा सकती है। सरकारी कार्यालयों और स्कूलों में महापुरूषों की जयन्तियों व पुण्यतिथियों के दिन इसीलिए तो छट्टी रखी जाती है कि कर्मचारी और विद्यार्थी जिन्हें आम तौर पर कम समय मिलता है वे महापुरूषों से प्रेरणा ले सकें। यदि सरकार छुट्टियों में कटौती करेगी तो महापुरूषों से प्रेरणा लेने वालों की संख्या में कमी आयेगी। प्रेरणा के उचित आदान प्रदान के लिए छुट्टी बहुत अनिवार्य होती है। लोग सोचने लगते हैं कि ऐसे आदमी से क्या प्रेरणा लेना जो अपने जन्म दिन पर छुट्टी भी घोषित नही करवा सकता। जिस दिन छुट्टी होती है उस दिन आदमी भरपूर नींद लेता है, भारी नाश्ता लेता है और फिर तीसरी चाय लेकर प्रेरणा लेने निकल पड़ता है । बाहर गुप्ता जी पौधों में पानी दे रहे होते है वह पूछता है - चल रहे हो गुप्ता जी ?
' कहॉ ? गुप्ता जी पूछते हैं।
'वही, प्रेरणा लेने, और कहॉ!'
'अब, अरे हम तो सबेरे से ही ले आये- दूध लेने गये थे सो सोचा प्रेरणा भी लेते चलें फिर, बाद में कौन आयेगा। ग्यारह बजे ठेकेदार से अपना हिस्सा लेने जाना है। तुम्हें बहुत लगती है और तुम्हारे पास टैम है सो लेते रहो प्रेरणा। हम तो थोड़ी सी प्रेरणा में ही काम चला लेते हैं।
जिस समय यह कहावत बनी थी कि - पंडित, वैध्य मशालची, इनकी उल्टी रीत, औरन गैल बताय कैं, आपहु नाकें भीत - उस समय तक नेता नामक प्राणी ने अवतार नहीं लिया होगा, वरना उसका भी नाम इसमें जुड़ा होता। नेता प्रतिदिन कहता रहता है कि इससे प्रेरणा लो, उससे प्रेरणा लो, पर खुद कभी प्रेरणा नही लेता । वो अगर प्रेरणा लेने लगे तो फिर रिशवत कौन लेगा, संविधान की झूठी शपथ कौन लेगा, डालरों में चन्दा कौन लेगा, इसलिए प्रेरणा लेने का काम जनता पर छोड़ दिया है कि लेते रहो प्रेरणा। .....वाह सुनील बाबू बढ़िया है।
प्रेरणा लेकर घर लोटे पति के सामने बाल्टी पटक कर पत्नी कहती है- ले आये प्रेरणा- अब हैण्डपम्प से दो बाल्टी पानी ले आओ! नल न आये हुए आज तीसरा दिन है। बिना पानी के प्रेरणा कैसे चाटोगे! उसकी दृष्टि में प्रेरणा लाने की तुलना में पानी लाना ज्यादा जरूरी है। बच्चे पूछते हैं कि हमारी किताबें लाये? मॉ पूछती है कि हमारी दवाई लाये ? इन सब जरूरतों की कमी इस नेता द्वारा दिलाई जा रही प्रेरणा से पूरी नहीं होती है।
कोई ऐसी प्रेरणा नही दिलाता जिससे आदमी के रोटी कपड़ा और मकान की जरूरतें पूरी होने लगें।
-
-- वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल मप्र फोन 9425674629

सोमवार, जुलाई 12, 2010

व्यंग्य- असली साहित्य सेवी


व्यंग्य
असली साहित्य सेवी
वीरेन्द्र जैन

हे हिन्दी के साहित्यकारो, तुम कहाँ हो! कौन सी दुनिया में मस्त हो! तुम्हे पता भी है कि तुम्हारी दुनिया में क्या चल रहा है। अरे इतना मस्त तो इन्द्र भी नहीं रहता था जिसके पास जगत की श्रेष्ठ नृत्यांगनाएं थीं । उसने भी तकनीक का सहारा लेकर ऐसा सिस्टम बना रखा था कि जब भी कोई तपस्या आदि में जी जान से ऐसा जुट जाता था जैसे कि मध्य प्रदेश के मंत्री पैसा लूटने में जुटे हुये हैं, तो उसका आसन डोलने लगता था और वह उनकी तपस्या भंग करने के लिए दस पाँच ठौ मेनका रम्भाएं मृत्युलोक में टपका देता था जिससे कि ऋषि मुनि सारी तपस्या भूल जाते थे। पर तुम्हारा खोयापन तो ऐसा लगता है जैसा कि किसी शायर ने कहा है-
खोये हुये से बैठे तिरी बज्म में हमें
ये भी नहीं है याद कि क्या भूल गये हैं
क्या तुम किसी सेमिनार में भाड़ झौंक रहे हो या किसी पुरस्कार की जुगाड़ में लगे हुये हो या अपने किताबें कोर्स में ठुसवाने के प्रयास में हो और इधर तुम्हारी दुनिया पर दूसरे कब्जा करते जा रहे हैं। एक दिन ऐसा भी आ जायेगा जब तुम्हारे हाथ में प्रदेश के दलितों की तरह केवल पट्टा रह जायेगा और कब्जा फिसल जायेगा।
अगर अब भी नहीं समझे तो समझ जाओ कि देश की इकलौती सांस्कृतिक संस्था राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ अब साहित्य पर उतर आयी है और उसने भाजपा में अध्यक्ष के सर्वोच्च पद पर ऐसा साहित्य प्रेमी थोपा है जो हिन्दी की बिन्दी लगा कर भाषा और साहित्य की अनूठी सेवा कर रहा है। उसकी वाइफ तक भाषा की विदुषी है [ बड़े लोगों की पत्नी नहीं होती वाइफ होती है] और जब हिन्दी भाषी प्रदेश के विद्वान सेवकों ने इन्दौर में उसके फाइव स्टार टेंट के बाहर नितिन गडकरी की जगह नितीन लिखवा दिया था तो उसकी वाइफ़ ने बोला था कि ओह गाड! इन्हें शुद्ध भाषा भी नहीं आती।
पिछले दिनों इन्हीं अध्यक्ष महोदय ने लालू प्रसाद और मुलायम सिंह को सोनिया के तलुवे चाटने वाला कुत्ता बतलाया था। जब उनसे पूछा गया तो उनका उत्तर था कि उन्होंने तो मुहावरे में कुत्ता कहा था। यह बतलाता है कि उन्हें व्याकरण का कितना अच्छा ज्ञान है और ये हिन्दी भाषी प्रदेश के लोग मुहावरे भी नहीं जानते। इसके बाद लालू प्रसाद यादव के राम कृपाल ने गडकरी को छछूंदर कह दिया तो उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी क्योंकि वे विद्वान जानते थे कि छछूंदर के सिर में चमेली का तेल भी एक मुहावरा है।
जब इन्हीं भाषा विज्ञानी गडकरी ने अफजल को कांग्रेस का दामाद बताया और मूर्खों को दामाद शब्द का अर्थ स्पष्ट करते हुये कहा कि दामाद उसे कहते हैं जिसे अपनी बेटी दी जाती है सो कांग्रेस से सवाल किया कि क्या उन्होंने अफजल को अपनी बेटी दी हुयी है? जब इस पर नासमझ कांग्रेसियों ने अपने पिंजरे में बँधे बँधे फूँ फाँ की तो राजीव प्रताप रूडी ने कालिदास काल के पंडितों की तरह विद्योतमाओं को अर्थ बताते हुये कहा कि यह कांग्रेस की रचनात्मक आलोचना है इसलिए माफी माँगने का कोई सवाल ही नहीं। अब हिन्दी के साहित्यकारों को सीखना चाहिए कि रचना क्या होती है, आलोचना क्या होती है और रचनात्मक आलोचना किसे कहते हैं।
इधर मध्य प्रदेश में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भाजापा के प्रदेश अध्यक्ष को समझा रहे हैं कि औकात का अर्थ हिन्दी में क्षमता और अंग्रेजी में कैपिसिटी होता है। हालांकि उन्होंने शब्दार्थ तो बता ही दिया साथ ही उदाहरण देकर उनकी औकात भी बता दी कि इसी प्रदेश में एक पत्रकार के रूप में अर्जुन सिंह से अपने निजी काम कराने के लिए किस तरह गिड़गिड़ाते थे।
राजनीति में जहाँ देखो वहाँ भाषा व्याकरण और साहित्य चल रहा है किंतु हिन्दी के साहित्य सेवी शायद आगामी चौदह सितम्बर तक के लिये सोये हुये हैं जब वे हिन्दी सेवा के लिए इस या उस सरकारी संस्था से धैर्य धन्य नत मस्तक हो शाल ओढ कर शालीन होंगे, और अगले साल तक बने रहेंगे।
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मो. 9425674629

शनिवार, जून 19, 2010

व्यंग्य- मकान न खरीदने के आत्मसंतोष

व्यंग्य
मकान न खरीदने के आत्मसंतोष
वीरेन्द्र जैन
रोटी, कपड़ा और मकान, एक फिल्म का नाम होने से पूर्व भी सभ्य जानवरों के लिए प्राथमिकता की श्रेणी में आते थे और फिल्म बन जाने के बाद भी आते हैं। यद्यपि उनका क्रम निर्धारित है, पर कभी कभी इस क्रम में विचलन भी देखने को मिलते हैं, लंगोटी लगाए हुए और उसे भी उतारकर फेंक देने वाले पुरूषों को भी मैने रोटी खाते देखा है, रोटी सबसे पहली जरूरत है, किन्तु भूख से पीड़ित रहने वाली महिलाओं के लिए भी कपड़े पहली जरूरत में आते हैं। यही कारण हैं कि हमारे महान आध्यात्मिक देश के नागा साधु तो देखने में आते हैं नागा साध्वियॉ नही पाई जाती हैं।

रोटी पहली जरूरत हैं यह सिद्व करने के लिए ब्राम्हण लोग लगभग आधे वस्त्र उतारकर भोजन पर बैठते रहे हैं। कुछ विद्वानों का ऐसा भी विचार है कि अधिकांश समय दूसरों के घरों पर भोजन जीमने के कारण उसे छुपाकर अपने घर ले जाने की संभावनाओं से बचने की खातिर उन्हैं कम वस्त्रों में भोजन कराया जाता था। मेरे विचार से यह दृष्टिकोण सही नहीं है क्योकि दूसरों के घर से खाना ले जाने वालों के लिए वस्त्र कोई बाधा नहीं होते हैं, उनका पेट ही काफी होता है।वे अपना काम बना ही लेते हैं।

रोटी और कपड़े के बाद मकान का तीसरा नंबर आता है भले ही दुनिया के अधिकांश भागों में रोटियां मकानों में ही बनाई जाती हैं और कपड़े भी मकान के अंदर ही बदले जाते हैं। (जो लोग कॉच के मकानों में रहते हैं वे दूसरों के घरों पर पत्थर नहीं फेंकते हैं तथा लाइट बंद करके कपड़े बदलते हैं।)

मकान दो तरह के होते हैं, एक किराए का मकान, दूसरा खुद का मकान। वैसे बनावट की दृष्टि से दोनों तरह के मकान लगभग एक जैसे ही होते हैं फिर भी यह कहावत है कि किराये का मकान किराये का होता है। खुद के मकान में रहने वाला जगह की जुगाड़ निकाल कर किराए से देने के लिए संभावनाएं तलाशता रहता है तो वहीं किराये के मकान में रहने वाला अपने मकान के सपने देखता रहता है।

अखबारों में छपनेवाले आकर्षक विज्ञापन उसकी मकान की भूख में चटनी का काम करते हैं, वह अपनी कल्पना के ड्राइंग- कम-डाइनिंग रूप में सोफा टीवी और शो-केश की जगह निश्चित करने लगता है। किसी का भी ड्राइंग रूम उसकी ईष्या का कारण बनने लगता है। उसकी लपलपाती जीभ से लगातार लार टपकने लगती है।

जैसे जैसे मनुष्यता का पतन होता जा रहा है, वैसे वैसे भवन और ऊंचे होते जा रहे हैं। कई कई मंजिलों वाले मकानों की बाढ़ आती जा रही है। मनुष्य आज जितनी ऊँचाई पर पहुँचता है उसके नैतिक मूल्य उतने ही गिर जाते हैं, उसी भॉति किसी भी भवन के फ्लेट जितनी उँचाई पर होते हैं उनके मूल्य भी इतने ही कम होते जाते हैं। यह तो सरकार की समर्थन मूल्य योजना का हिस्सा है कि वो भवनों को मंजिलों की संख्या सीमित रखे हुए है, बरना यह मनुष्य तो स्वर्ग तक मंजिल ले जाता और कई लोग मुफ्त में स्वर्गवासी हो जाते।

मकान लोलुप प्राणी अखबार में केवल वर्गीकृत विज्ञापन देखकर ही उस ओर लपकता है। वह जानता है कि वहां जाने पर और कुछ मिले न मिले पर चिकने कागज पर छपा हुआ एक रंगीन ब्रोशर तो हाथ लग ही जावेगा जो पत्नी के सामने प्रयासरत रहने के प्रमाण के अलावा, बच्चों के लिए नावें बनाने या कमरे से झाड़ा हुआ कचरा उठाने के काम तो आएगा ही आएगा।

भवनों में आते जाते वह उसकी सारी शब्दावली सीख जाता है। एचआईज़ी, एमआईज़ी सीनियर एमआईज़ी, जूनियर एमआईज़ी, एलआईज़ी प्लाट, फ्लैट, इंडिपेंडेंट ग्राउंड फ्लोर, टाप फ्लोर, टैरेस, सेपरेट पार्किंग आदि का मतलब वह खूब समझने लगता है। ''इसका प्लिंथ एरिया कितना है ?'' वह प्रधान अध्यापक द्वारा बच्चे से पूछे गए सवाल की तरह उसके गाइड से पूछता है।
'' इसका किचिन बहुत छोटा है '' एक जगह वह कहता है।

'' किचिन के साथ विडों होना बहुत जरूरी हैं वरना धुएँ के मारे दम घुट जाएगा ''

'' एक ही बाथरूम है! कम- से-कम एक लैट-कम-बाथ होना चाहिए और एक टायलेट, वरना मेहमानों के आने पर बहुत मुश्किल होती है। ''

'' इस टायलेट में तो मेरे मथुरा वाले मोटे चाचा फंस ही जाएँगे ''। यह कहकर वह साथी को भी हँसते हुए देखना चाहता हैं जो उसके झूठ पर नही हँस पाता।

'' ड्राइंग-कम-डायनिंग में टीवी और फ्रिज के लिए प्वाइंट होने चाहिए ''
'' क्या केबिल लाईन भी नही हैं ?”
'' बालकनी यदि बेडरूम के साथ होती तो ज्यादा ठीक रहता'' वह कहता हैं।

'' मुझे तो ग्राउंड फ्लोर से सख्त नफरत हैं '' सारी गाड़ियॉ यही दरवाजे के सामने हुई हुर्र करके धुऑ छोड़ती हैं। रात के बारह बजे तक दोड़ पदौड़ सुनाई देती रहती है, और सुबह से ही पानी की मोटर घीं घीं करने लगती है। किसी को कहीं जाना हो ग्राउण्ड फ्लोर वाले की घंटी बजाकर पता पूछता हैं, यह भी नही देखता कि रात है कि दिन। दरवाजा बंद न हो तो ऐसा लगता हैं कि फुटपाथ पर बैठे हैं, सब घूरते हुए निकलते हैं। चोरियॉ भी ज्यादातर निचली मंजिल में ही होती हैं व सारे भिखारी यहीं पर अपनी बपौती समझते हैं। ''
''ऊपर की मंजिल में भी क्या रहना न जमीन अपनी न आसमॉ अपना। पिंजरे की तरह लटके हुए हैं अधर में। उपर वाले धमाधम करते रहें तो वह झेलो और जरा सा अपुन दूध को उबलने से रोकने के लिए दौड़ पडे तो नीचे वाले कहते हैं कि क्या रामलीला में लक्ष्मण- परशुराम संवाद चल रहा है। अजीब मुसीबत होती है। पोस्टमैन डाक नीचे ही डाल जाता है और नीचे उतरने तक सब्जी वाले के पास कानी और टेढ़ी- मेढ़ी सब्जी ही शेष रह पाती है। जरा- जरा सी चीजों के लिए नीचे ऊपर होते समय यह इच्छा होती हैं कि इससे अच्छा तो पर्वतारोही हो जाना होता, कम से कम नाम और नामा तो मिलता।''
''टॉप फ्लोर पर रहने से तो अच्छा है कि आदमी बनवास ले ले। एक आदमी ऊपर की मंजिल पर आत्म हत्या के लिए चढ़ा तथा चढते चढते हॉफ गया। पर उसने देखा कि उपर की मंजिल पर भी लोग रहते हैं तो उसने उन लोगों के जीवन को देखकर आत्महत्या का इरादा ही बदल दिया कि इनके कष्ट तो मुझसे भी ज्यादा हैं फिर भी जिंदा हैं। ''

''दरअसल फ्लैट सिस्टम ही ठीक नही हैं- न लान, न हरियाली, न गमले, न धनिया, पुदीना की सुविधा। ज्यादा से ज्यादा दारू की खाली शीशी में पानी डालकर मनीप्लांट लगा लो। अपना इंडिपेंडेट घर होने पर धूप लेने के बहाने पड़ोस के नवयौवन को तिरछी नजर से घूरते रह सकते हैं। न किसी की रें- रैं न पैं पैं पड़ोसी यही समझते रहैं कि पति पत्नी में बड़ा प्रेम हैं। फ्लेट में तो किसी को छींक भी आती हैं तो पड़ोसी अपनी विक्स की शीशी छुपाने लगता हैं कि कही मांगने न आ जाये। शाकाहारी नथुनों में मांसाहारी महक पहुँचती है।''

''अकेले घर के जमाने लद गये, बिना दो नंबर की कमाई के कोई अकेला घर बनवा ही नहीं सकता। ले-दे के एकाध कोई भला आदमी बनवा भी लेता है तो फिर बाद में सारी उमर पछताता रहता है। घर से बाहर निकले नहीं कि चोरी का खतरा सिर पर। देह कहीं रहे, मन का चोर घर के चारों ओर ही चक्कर काटता रहता है। फ्लेटों में अलग अलग रहकर भी संयुक्त परिवार का सुख। पूरब पश्चिम, उत्तर दक्षिण, ऊँच-नीच जाति- धर्म का कोई भेद नहीं, आर्दश भारत का नमूना। अकेला घर बनाकर आदमी व्यक्तिवादी और स्वार्थी हो जाता है। घुन्ना और घमंडी। बाकी दुनिया से कोई मतलब ही नही। घर क्या बनवा लिया गोया महल खड़ा कर लिया, बादशाह हो गए।''
दरअसल ये सारे तर्क आदमी धीरे धीरे सीख जाता है, जब उसके पास इतने पैसे ही नही होते हैं कि वो बिल्डर्स की भरी हुई तिजोरियों में अपनी ओर से कोई और योगदान कर सके तो हर मंजिल के फ्लेटरूपी अंगूर उसके लिए खट्टे हो जाते हैं और वह अपने किराए के पिंजरें में आकर एक गिलास पानी पीकर अखबार में फिर वर्गीकृत विज्ञापन देखने लगता है। और क्या करे! एक अदद ब्रोशर तो चाहिए ही चाहिए।

वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल मप्र
फोन 9425674629



गुरुवार, मई 27, 2010

व्यंग्य कानून क़ानून होता है


व्यंग्य
कानून, कानून होता है
वीरेन्द्र जैन

यह वाक्य आपने भी सुना होगा कि ' कानून, कानून होता है'। मैने तो इसे हजारों बार सुना है और हो सकता है कि किसी दिन गिन्नीज बुक में वर्ल्ड रिकार्ड भी मेरे नाम से ही बने कि मैने सबसे अधिक बार इस बाक्य को सुना है। राज की बात यह है कि इतनी बार सुनने के बाद भी मैं आज तक इसका अर्थ नहीं समझ पाया। जिससे भी पूछों वह यही कहता है कि कानून - कानून होता है।
अपनी जिज्ञासा के चक्कर में मैने अनेक लोगों से माथा पच्ची की, पर खेद कि कोई भी मुझ जैसे मूढ को समझा नहीं सका। मैं एक डाक्टर के पास गया। मेरा भ्रम था कि वे भाषा विज्ञान के डाक्टर होंगे पर वे देह शास्त्र के डाक्टर निकले। बोले ' तुम्हें मालूम है, कानून के हाथ लम्बे होते हैं '' ।
मेरे मन में एक बिम्ब बना जिसमें एक मोटी पोथी में से दो हाथ निकले थे जो काफी लम्बे थे और एक दूसरे पर रखे हुये थे। मैने मन ही मन प्रश्न किया कि ये एक हाथ दूसरे हाथ पर क्यों रखा हुआ है, तो तुरन्त ही मेरे दिमाग ने उत्तर भी खोज निकाला कि कानून के हाथ लम्बे तो हैं पर वो हाथ पर हाथ धरे बैठा रहता है। मुझे रहीम का दोहा याद आ गया -

बडे हुये तो क्या हुये, जैसे पेड़ खजूर
छांह न बैठें दो जनें, फल लागे अति दूर

पर इस मन का क्या करें, ये तो चंचल होता है। मैथलीशरण गुप्त तो पहले ही कह गये हैं कि-
कोई पास न रहने पर भी जन मन मौन नही रहता
आप आपकी सुनता है वह, आप आपसे है कहता
सो मन ने अगला सवाल किया कि यह कोई काम क्यों नहीं करता। इस सवाल का उत्तर भी अन्दर से ही आया- कानून अपना काम करेगा - ला विल टेक इट्स ओन कोर्स'।
ठीक है भाई, अपना काम ही करे! मैं कब कहता कि किसी और का काम करे,! पर करे तो। एक सुस्त आदमी को देखकर दूसरे को भी सुस्ती आती है। रात में कार का ड्रायवर कहता है कि अगर सोना है तो पीछे बैठिये क्योकि अगर मैं थोड़ी देर को भी सो गया तो आप हमेशा के लिए सो जाओगे- तस्वीर के नीचे लिखा मिलेगा 'चिर निद्रा निमग्न'। कानून अपना काम करे तो दूसरों को भी काम करने की प्रेरणा मिले। मन में सवाल किया कि क्या इसका कोई धनी धोरू नहीं है, कोई मालिक सर परस्त नहीं है ? पर दिमाग के पास तो सारे उत्तर रहते हैं। उससे उत्तर मिला है, इसकी देवी होती है जो आंखों पर पट्टी बांधे रहती है इसलिए उसे न काम करता हुआ कोई दिखता है और न बैठा हुआ दिखता है। निष्पक्षता के चक्कर में उसने देखना भी छोड़ दिया है।
मन में आया कि मैं इसकी कुछ मदद करूं। इसे थोड़ा हिलाऊं, डुलाऊं, उठाऊं, इसके मुंह पर पानी के छींटे मारूं और कहूं कि भाई हाथ पर हाथ धरे बहुत देर हो गयी अब तो उठो और कुछ करो धरो। आखिर काम को जल्द निबटाना है, देश को आगे बढ़ाना है। मैं जैसे ही उसकी ओर बढ़ा तो ऊपर से जोरदार आकाशवाणी हुयी- कानून को अपने हाथ में मत लो। मैं डर गया और तुरन्त पीछे हट गया। मुझे लगा कि मैं कानून की नींद नहीं, अपितु कानून ही तोड़ रहा था। फिर कानून के तो अपने दांव पेंच भी होते हैं यदि इसने एक का भी प्रयोग कर दिया तो मैं तो चारों खाने चित हो जाऊंगा तथा चारा खाने तक की हिम्मत नहीं बचेगी।
मैं सो गया तो मेरे सपने में वाल्तेयर आये। बोले बेटे कानून के चक्कर में मत पड़ो।
'' क्यों '' ? मैने आदत के अनुसार सवाल किया।
वे बोले- सारे कानून बेकार हैं क्योकि अच्छे लोगों के लिए किसी कानून की जरूरत नहीं है और बुरे लोग किसी कानून को नहीं मानते।
तब से मैने भी चिन्ता छोड़ दी है और हाथ पर हाथ धरे ही क्या हाथ पर लात धरे बैठा हूं।
----
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल मप्र
फोन 9425674629

रविवार, मई 16, 2010

व्यंग्य अखिल भारतीय श्वान सम्मलेन में व्यक्त चिंताएं


अखिल भारतीय श्वान सम्मेलन में व्यक्त चिंताएं
वीरेन्द्र जैन
अगर कोई जाति दलित पिछड़ी या उपेक्षित होती है तो वह अपनी पहचान बनाये रखकर भी अपनी जाति को प्रचलित नामों की जगह संस्कृतनिष्ठ शब्दों में बदलकर अपना जाति सम्मेलन आयोजित करती है। शायद यही कारण रहा होगा कि जब कुत्तों ने माननीय नेताओं के उदगारों पर अपने विचार व्यक्त करना चाहे तो उस आयोजन का नाम कुत्ता सम्मेलन न रखकर अखिल भारतीय श्वान सम्मेलन रखा और उसीका बैनर लगाया ताकि पढे लिखे लोग भी यह न कह सकें कि साला कुत्ता सम्मेलन हो रहा है। प्लेक्स के बैनर पर श्वान शिरोमणि को पाँच पाण्डव और सती द्रोपदी के साथ हिमालय की ओर कूच करता हुआ दर्शाया गया था। इतना ही नहीं सम्मेलन का उद्घाटन करने वाले श्वान श्री ने कहा कि ये सम्मेलन महान स्वामिभक्त श्वानों का सम्मेलन है किसी राजनीतिक पार्टी की सभा नहीं है। इसमें श्वानों की समस्याओं पर गम्भीरता पूर्वक विचार होगा। उनकी इस ओज़ पूर्ण वाणी पर सभी श्वानों ने तलुआ ध्वनि करके हर्ष व्यक्त किया।
विषय प्रवर्तन करते हुये श्वान प्रमुख ने कहा कि आज हम अपनी जाति के अपमान से आहत होकर इतनी बड़ी संख्या में यहाँ एकत्रित हुये हैं और यही कारण है कि दूर दूर से पधारे अपने श्वान भाइयों पर भोंकने की परम्परा को छोड़ कर हम एक साथ बैठे हुये हैं। ये नेता लोग पिछले कई सालों से लगातार हमारा अपमान करते चले आ रहे हैं और अब तो हद ही हो गयी। हमने बहुत दिनों से तलुवे चाटना बन्द कर दिया है और आजकल बंगलों में रहने वाले बन्धु मालिकों के मुँह चाटते हैं न कि तलुवे। हमें इंसान के जैसा बताकर हमारा अपमान किया जा रहा है। हम इंसान के जैसे कृतघ्न नहीं हो सकते कि जो राज्य में हमारी सरकार बचाये हम उसी के खिलाफ केन्द्र में बिक जाएं और बार बार बिक जाएं ।
...............न हम चारा खाते हैं और न भाईचारा !
[इसके बाद वह कुछ सैकिंड तक रुका ताकि श्वानों को तलुवे पीटने का अवसर मिल सके, और संकेत समझ कर तलुवे पीटे भी गये]
हम तो दूध रोटी, बोटी या अंडे वगैरह खाते हैं जो सत्तर प्रतिशत इंसानों को नसीब नहीं होते। ये इंसान ज़िन्दा रहने में ही नहीं मरने में भी हमारी नकल करने लगा है और देश के लाखों इंसान हमारी [कुत्तेकी] ही मौत मर रहे हैं। जाने को तो हम यधुष्टिरों के साथ स्वर्ग में भी गये हैं, पर

रौनके ज़न्नत कभी भी हमको रास आयी नहीं
हम ज़हन्नुम में ही रहना चाहते परवरदिगार
हमने तो कभी संसद में भी जाना पसन्द नहीं किया बरना जब वहाँ तीन सौ करोड़पति जा सकते हैं तो उनकी सुरक्षा करने वाला क्यों नहीं जा सकता। जब वहाँ तरह तरह के अपराधों के आरोपों से घिरे आरोपी पहुँच सकते हैं, गद्दार पहुँच सकते हैं, सांसदनिधि बेचने वाले पहुँच सकते हैं, सवाल उठाने के लिए पैसे माँगने वाले पहुँच सकते हैं, कबूतरबाज़ी करने वाले पहुँच सकते हैं, दलाली करने वाले पहुँच सकते हैं, तो हम स्वामिभक्त क्यों नहीं जा सकते। पर नहीं, हमने तय किया है कि हमें वहाँ नहीं जाना सो नहीं जाना, भले ही वहाँ कभी कभी कुछ अच्छे इंसान भी मिल जाते हों। हमारा वंश चाँद पर सबसे पहले जाने वालों का वंश है। हम भले ही पुलिस में चले जायें, पर वहाँ नहीं जाना सो नहीं जाना। किंतु ये इंसान फिर भी हमारी तुलना वहाँ जाने वाले खराब लोगों से करने पर तुला हुआ है। किसी ज़माने में हमारी तुलना ब्राम्हणों और नाइयों के साथ होती थी, पर हा... आते आते क्या ज़माना आ गया है कि हमारी तुलना कैसे कैसे लोगों से होने लगी है। दलाल लोग सरे आम कहने लगे हैं कि हमें मालूम है कि कुत्ता कौन है। जैसे ग़ालिब चचा कह गये हैं कि हमको मालूम है ज़न्नत की हक़ीकत लेकिन, दिल के बहलाने को ग़ालिब ये खयाल अच्छा है। अरे भाई मालूम है तो बताओ भी। उसे अपनी टेलीफोन टेपिंग की तरह छुपा क्यों रहे हो। पर दलाल तो हर मामले में सौदा करना चाहता है। फिल्म में सस्पेंस हो तो खूब चलती है। कयास लगाने वाले सम्भावनाओं की पतंगें दूर दूर तक उड़ाने लगते हैं। .......और ये सब हमारी कीमत पर हो रहा है। यदि ये नेता नहीं माने तो हमें ज़बाबी कार्यवाही करना पढेगी जिसका यह उपयुक्त समय है। हमें मालूम है कि ज्यादातर स्वास्थ संचालकों के घरों से करोड़ों रुपये निकल रहे हैं, किंतु, अस्पतालों में रैबीज़ के इंजेक्शन नहीं हैं और जो हैं या तो वे नकली हैं या एक्स्पायरी डेट के हैं। इस समय हमला कर देने से ये घर के रहेंगे न घाट के। [ सभा में ज़ोश भर गया था और तलुवे पीटे जाने लगे]
पत्रकार लोग तुरंत वहाँ से खिसक लिये ताकि एकाध अदद रैबीज़ के इंजैक्शन का जुगाड़ ज़मा सकें।
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मो. 9425674629