हमारे भारत देश में एक प्रदेश मध्य प्रदेश है और अगर हम पूरे देश को किसी मानव शरीर की तरह देखें तो मध्य प्रदेश देश का पेट नजर आयेगा। जब से इस प्रदेश के नेताओं को अपनी इस स्थिति का भान हुआ है वे निरंतर खाने को अपना परम पुनीत दायित्व समझ रहे हैं। खाये जाओ खाये जाओ यूनाइटिड के गुण गाये जाओ। खेत खालो, खदानें खा लो, बस्तियों की बस्तियां खा लो, पर ‘अपना मध्य प्रदेश’ भरते रहो। एक मंत्री दूसरे को थोड़ा भी उदास देखता है तो पूछता है- ये क्या हाल बना रखा है, कुछ लेते क्यों नहीं? उसे क्या पता कि उसका तो लेते लेते ही हाजमा खराब हो गया है, और इसी से ये हाल बन गया है।
शुक्रवार, नवंबर 30, 2012
व्यंग्य- सड़क की चिंता, हेमामालिनी की चिंता
हमारे भारत देश में एक प्रदेश मध्य प्रदेश है और अगर हम पूरे देश को किसी मानव शरीर की तरह देखें तो मध्य प्रदेश देश का पेट नजर आयेगा। जब से इस प्रदेश के नेताओं को अपनी इस स्थिति का भान हुआ है वे निरंतर खाने को अपना परम पुनीत दायित्व समझ रहे हैं। खाये जाओ खाये जाओ यूनाइटिड के गुण गाये जाओ। खेत खालो, खदानें खा लो, बस्तियों की बस्तियां खा लो, पर ‘अपना मध्य प्रदेश’ भरते रहो। एक मंत्री दूसरे को थोड़ा भी उदास देखता है तो पूछता है- ये क्या हाल बना रखा है, कुछ लेते क्यों नहीं? उसे क्या पता कि उसका तो लेते लेते ही हाजमा खराब हो गया है, और इसी से ये हाल बन गया है।
गुरुवार, नवंबर 08, 2012
व्यंग्य किसका कितना आई क्यू
किसका कितना आई क्यू
बहरहाल गडकरीजी अपनी पहली रैली के दौरान ही चक्कर खाकर अडवाणीजी के मजबूत कँधों पर टिक गये थे क्योंकि इससे पहले कड़ी धूप का उन्होंने सामना ही नहीं किया था। कुछ दिनों बाद उन्होंने अपनी चर्बी छिलवाई थी और अब जेठमलानी पिता पुत्र उनकी चमड़ी उधेड़ने पर लगे हुए हैं। कांग्रेस के महा सचिव दिग्विजय सिंह तो गत एक साल से सवाल उठा रहे थे कि उनके पास इतनी सम्पत्ति कहाँ से आयी, पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कांग्रेस के महा सचिव की बातों का जबाब देने की वैसे ही कोई जरूरत नहीं समझी, जैसी कि अरविन्द केजरीवाल ने उनके सवालों के जबाब देने की जरूरत नहीं समझी थी। जेठमलानी तो वकील हैं इसलिए जो उनके वकालतनामा पर दस्तखत कर देता है उसके पक्ष में बात करते हैं। मोदी ने उन्हें चुना है तो वे मोदी को देश का प्रधानमंत्री तो क्या अमेरिका का राष्ट्रपति तक बनवाने के लिए जिरह कर सकते हैं। गडकरी की कलई भी खुली और उन्होंने जेठमलानी की सेवाएं भी नहीं लीं सो उन्हें मजबूरन उनका विरोध करना पड़ा। सुना है कि गडकरी जी स्व. चन्द्रशेखर के उन कार्यकर्ताओं को भाजपा में भरती कराने के प्रयास में जुट गये हैं जिन्होंने जेठमलानीजी द्वारा चन्द्रशेखरजी के घर के सामने धरना रखने के खिलाफ उनका सम्मान कर दिया था।
गडकरीजी सचमुच ही अभिनन्दनीय हैं, मेरी दिली इच्छा है कि उन्हें एक कार्यकाल और दिया जाये ताकि वे भाजपा के बचे खुचे कपड़े तक उतरवा सकें।
बुधवार, जून 27, 2012
व्यंग्य- राष्ट्रपति पद प्रत्याशी की तलाश
“ अरे भाई उन्होंने मना नहीं किया अपितु समझदारी से काम लिया कि जब जीतना ही नहीं है तो एनडीए के विस्तार की सम्भावनाओं के लिए क्यों अपनी इज्जत का कचरा करवाया जाये। इसके बाद ही वे दूसरे उम्मीदवार की तलाश में भटकने लगे और तुम्हारे पास इसलिए आये क्योंकि तुम्हें इज्जत का कोई खतरा नहीं है, वह पहले ही मिट्टी में मिल चुकी है, और तब से ही मिट्टी अपनी इज्जत की चिंता कर रही है” मैंने उसे समझाया।
“वह क्या समस्या थी?” मैंने भी फुसफुसा कर पूछा।
“पर मुसद्दी लाल को क्यों?” मैंने पूछा
“ मैं उससे बदला लेना चाहता हूं” उसने वैसे ही फुसफुसा कर कहा। “ और उसके बाद वे चले गये”
एक बार एक कवि ने जब सब कुछ बेच खाया पर उसकी कविताएं नहीं बिकीं तो घर का आखिरी आइटम बेचने निकला जो कि चारपाई का एक पाया था। अतिरंजना के अभ्यस्त उस कवि ने गलियों में यह कहते हुए आवाज लगायी-
शनिवार, जून 16, 2012
व्यंग्य- कारन कवन नाथ मोहि मारा
भले ही झूठी सही पर सवाल तो यह है कि सीडी बनवाई किसने थी और जिस सीडी को पार्टी की ही एक सरकार फर्जी बता रही है उस फर्जी काम को करवाने का सन्देही सबके सिर पर बैठ गया है। संस्कृत के एक श्लोक में कहा गया है कि जिसके पास पैसा है वही मनुष्य़ कुलीन है, वही विद्वान है, वही पंडित है, वही श्रोता है, वही गुणी है, वही सुदर्शनीय है, सारे के सारे गुण सोने में बसते हैं. [सर्वे गुणः कांचनं आसवंते]। गुजरात में आने वाली परियोजनाओं में पैसा ही पैसा है जनवरी, 2011 में महात्मा (गांधी) मंदिर में गुजरात के मुख्य मंत्री नरेंद्र मोदी ने 100 देशों से आये 10,000 अंतर्राष्ट्रीय कारोबारियों के सम्मेलन की अध्यक्षता की थी। मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार उन्होंने गुजरात में 45,000 करोड़ डॉलर निवेश करने का वादा किया है। इसलिए भाजपा गुजरात को कबीर के “हीरा पायो गाँठ, गठियाओ” की तरह छोड़ना नहीं चाहती चाहे कुछ भी हो जाये इसलिए सारे गुण आजकल मोदी में बसते हैं, जिनके लिए संजय जोशी तो क्या अडवाणी तक को हकाला जा सकता है। नेतृत्व की हालत यह हो गयी है कि “सौ सौ जूते खाँय, तमाशा घुस के देखेंगे”। अडवाणीजी, प्रधानमंत्री बनें न बनें पर ब्लाग लेखक तो बन ही जायेंगे, ब्लागर्स की ओर से स्वागत है अडवाणीजी।
मंगलवार, अप्रैल 10, 2012
व्यंग्य- सांसद, विधायक बनाने की फैक्ट्री बन्द
शब्द तो शोर है तमाशा है
मौन ही भावना की भाषा है
मुझे लगता है कि वर्तनी को हिकारत की दृष्टि से देखने के इस समय में यह वर्तनी की भूल ही होगी जब भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी पार्टी सदस्यों की एक बैठक में कहते है कि भाजपा सांसद, विधायक बनाने की फैक्ट्री नहीं है। दर असल वे कहना चाहते होंगे कि हे रामलला अब भाजपा सांसद, विधायक बनाने की फैक्ट्री नहीं रही।
मंगलवार, नवंबर 29, 2011
व्यंग्य --- फायर ब्रांड नेता और एफ डी आई की आग
वैसे भी आग लगाने के बड़े खतरे होते हैं। होम करते हुए तक तो हाथ जल जाते हैं और लंका में आग लगाने के लिए हनुमानजी को अपनी ही पूंछ में आग लगानी पड़ी थी। कबीर तक ने साथ चलने वालों से सबसे पहले अपना घर जलाने का आवाहन किया था, पर दीदी को तो घर ऐसा सता रहा था कि छोड़े हुए घर में वापिसी के लिए उन्होंने अपना नया घर मटियामेट कर दिया। पुराने घर में जगह भी मिली तो नौकरों के कमरे में जहाँ पहले से ही बड़ी भीड़ है। अब आग लगाने के लिए पैट्रोल खरीदना पड़ेगा जो इतना मँहगा हो चुका है कि उसे खरीदने के लिए पहले कोई बैंक लूटना पड़ेगा। वैसे जो एफडीआई वाले रिटेल स्टोर में आग लगा सकते हैं वे बैंक भी लूट सकते हैं, पर उसके लिए बन्दूकों की जरूरत पड़ेगी जो पुरलिया की तरह कोई आसमान से नहीं टपकेंगीं। खैर किसी तरह उनका भी इंतजाम हो जायेगा पर फिर सारा मामला नक्सलवादियों जैसा हो जायेगा। और जब नक्सलवाद की तरह से परिवर्तन लाया जायेगा तो फिर इस भगवा रंग की वर्दी, अयोध्या में राम मन्दिर, और मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री की कुर्सी का क्या होगा। अभी तो केवल कुर्सी का ही खतरा रहता है फिर तो जान का खतरा बना रहेगा।
शुक्रवार, नवंबर 11, 2011
व्यंग्य मगर मच्छ के आंसू
जिगर का दर्द जिगर में रहे तो अच्छा है
बुधवार, जून 29, 2011
व्यंग्य- मांगे मिले न मौत

व्यंग्य
बिन मांगे मोती मिले, मांगे मिले न मौत
वीरेन्द्र जैन
मध्य प्रदेश में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जानते थे कि जब भी वे केन्द्र सरकार से कुछ मांगेंगे तो वो मिलने वाला नहीं है इसलिए उन्हें मौत मांगते संकोच नहीं हुआ। दूसरी ओर जनता बिना मौत माँगे ही मरी जा रही है। वो चिल्ला चिल्ला कर कह रही है कि मुझे बचाओ, पर सरकार है कि उसके कान पर जूं ही नहीं रेंग रही है।
इससे एक बात तो तय होती है कि भाजपा हमेशा जनता के विपरीत सोचती है, जब जनता जिन्दगी के लिए गुहार लगा रही है तब वे मौत माँग रहे हैं। किसी समय जब पंजाब में आतंकवाद चल रहा था तब कहा जाता है कि उस आतंकवाद को रोकने में मनमोहन सिंह जी की बड़ी भूमिका थी। उन्होंने चुपचाप जाकर आतंकियों से कहा था कि क्यों लोगों को गोलियों से मारते हो कुछ दिनों बाद मैं ऐसी आर्थिक नीतियां लागू करूंगा कि साले अपने आप मर जायेंगे। उनकी बात पर भरोसा करके आतंकियों ने लोगों को मारना छोड़ दिया था। वे अभी भी मनमोहन सिंह पर भरोसा करते हैं। एक पुरानी बोधकथा के अनुसार जब एक लकड़हारा जीवन की कठिनाइयों से बहुत हार गया तो उसने लकड़ी का गट्ठर जमीन पर पटकते हुए कहा कि इससे तो अच्छा ही है कि मौत आ जाये। संयोग मौत कहीं आसपास ही घूम रही थी सो तुरंत ही ऐसे चली आयी जैसे कि 108 नम्बर की एम्बुलेंस हो, और बोली कि कहो मुझे काहे के लिए बुलाया है। लकड़हारे को भी इतनी फास्ट सर्विस का भरोसा नहीं था सो डर गया और बोला कि मैंने इसलिए बुलाया था ताकि ये गट्ठर उठवा कर मेरे सिर पर कोई रखवा दे।
अब वैसे तो सरकार से बिना पूछे दो लाख किसानों ने आत्महत्या कर ली तो सरकार ने कुछ नहीं बोला, पर इसमें अनुमति देने का नियम ही नहीं है। हाथ के चुनाव चिन्ह वाली पार्टी के कानून मंत्री ने हाथ खड़े कर दिये हैं क्योंकि उनके हाथ कानून से बँधे हैं। वैसे आत्महत्या का एक तरीका सचमुच के अनशन पर बैठ जाना भी होता है बशर्ते कोई मुरारी बापू या श्री श्री रविशंकर के आज्ञाकारी न हों। उमाभारती ने गुजरात के विधानसभा चुनावों में भाजश के अपने उम्मीदवार गुरूजी के बहाने से बैठा लिए थे। धर्म और गुरुओं की ओट लेने में भाजपा नेताओं को कमाल हासिल है। शतरंज के खिलाड़ियों को उनसे सीखना चाहिए। सुषमा स्वराज ने सोनिया गान्धी के प्रधानमंत्री बनने की स्तिथि में हिन्दू विधवाओं की तरह सिर घुटा लेने जमीन पर सोने और चने खाने की धमकी दी थी तो उमा भारती ने भी उनसे आगे बढ ऐसा ही करके उन्हें और सोनिया गान्धी दोनों को ही चुनौती दे दी थी।
राजनीति में हथकण्डों के स्तेमाल पर किसी को शोध करना हो तो दुनिया में भाजपा के इतिहास से बेहतर कोई सामग्री नहीं मिल सकती। चार सौ साल पुराने रामजन्म भूमि मन्दिर विवाद को नये राम मन्दिर निर्माण में बदलने, ईंटें जोड़ने को रामशिला पूजन में बदल देने या रामसेतु की चिंता करके देश की अर्थव्यवस्था को होने वाले लाभ को रोकने आदि के नाम वोटों की फसल पैदा करने के वे कुशल कलाकार हैं। पता नहीं कि गिन्नीज बुक आफ वर्ल्ड रिकार्ड वालों का ध्यान उन तक क्यों नहीं पहुँचा।
हो सकता है कि आमरण अनशन कहने में उन्हें गान्धी की बू आती हो क्योंकि संघ वालों को गान्धी हजम नहीं हो पाते और वैसे भी इन दिनों अन्ना हजारे और बाबा रामदेव ने अनशन का ऐसा कापीराइट ले रखा है कि बाबा रामदेव द्वारा बोतल से ग्लूकोज सेवन करने वाले अस्पताल में ही निगमानन्द अनशन करते करते मर गये पर उनके अनशन को अनशन नहीं ही माना गया। रबीन्द्र नाथ त्यागी ने लिखा है कि आत्महत्या बहुत खतरनाक चीज है, इसमें कभी कभी जान जाने का खतरा भी रहता है।
इन ड्रामों के इंटरवल में दुष्यंत कुमार का एक सलाहनुमा शेर याद आ रहा है, हो सकता है कि किसी के काम आ जाये, बशर्ते वह दिल की जगह राजनीति पढ ले-
इस दिल की बात कर तो सभी दर्द मत उड़ेल
अब लोग पूछते हैं कि गजल है कि मर्सिया
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मो. 9425674629
रविवार, फ़रवरी 13, 2011
व्यंग्य - ब्लैंक चैक

व्यंग्य
ब्लेंक चैक
वीरेन्द्र जैन
पूंजीवादी युग में राजनीति की भाषा भी मौद्रिक हो जाती है। कभी सन्यासियों से उम्मीद की जाती थी कि वे ध्यान की मुद्रा में बैठे मिलेंगे। कई लोग तो यह भरोसा करने लगे थे कि उनके जैसी मुद्रा बना लो तो ध्यान लग जाता है। लोग बुद्ध महावीर आदि की मुद्राएं बना कर बैठ कर देखते थे, पर अब मुद्रा के नाम पर मुद्राएं अर्थात करैंसी का ही ध्यान आता है। कागजी मुद्राएं आने और बैंकिंग के विकास के बाद तो कागज की मुद्राओं के भी कागज चलने लगे जिन्हें चैक कहा जाता है। किसी जमाने में चेकों का भरोसा नहीं होता था क्योंकि खाते में बैलेंस हो या न हो पर चैक काटी जा सकती थी। फिर सरकार को लगा कि बैंक, जिसका मतलब ही होता है भरोसा, वह चेक के भुगतान न होने पर टूट जाता है, इसलिए बिना बैलेंस के चेक काटने को अपराध घोषित कर दिया। पर इससे बिना बैलेंस के चेक कटना तो बन्द नहीं हुए पर अपराधों के दर्ज होने की संख्या में जरूर वृद्धि हो गयी। आज सबसे ज्यादा लम्बित प्रकरणों की संख्या बिना भुगतान के चैक जारी करने वाले प्रकरणों की है।
लम्बित प्रकरणों की इस ढेरी में एक की वृद्धि और होने जा रही है। भूतपूर्व भाजपा नेत्री उमाभारती जो कभी अपने को साध्वी बताती थीं, अब अपने आप को चेक बताने लगी हैं और उन्होंने भाजपा के पक्ष में कटने की घोषणा कर दी है। यह चेक भी बिना कोई राशि भरे हुए जारी करने जा रही हैं जो उत्तर प्रदेश में पेयेबिल अर्थात भुगतान योग्य होगा। भले ही यह कोर बैंकिंग का जमाना हो जिसमें किसी भी बैंक शाखा के खातेदार का चेक कहीं भी भुगतान हो जाता हो, पर वे चैक को स्पेशियली क्रास्ड करके जारी कर रहीं है जिसका मतलब होता है कि यह किसी खास जगह की खास बैंक शाखा में ही जमा किया जा सकता है।
ब्लेंक चैक का अपना रहस्य होता है, यह चेक पाने वाले का जुआ होता है कि वह उसमें क्या राशि भरे। उमाभारती ने उत्तर प्रदेश के पिछले चुनावों में अपने उम्मीदवारों को वापिस बुला लिया था ताकि हिन्दू एकता बरकरार रहे इसलिए यह तो पता ही नहीं चला कि उनके खाते में बैलेंस था भी या नहीं। पर जब उन्होंने उपचुनाव में सोनिया गान्धी के खिलाफ अपना उम्मीदवार उतारा था और भाजपा को अपना उम्मीदवार बैठा कर उनका समर्थन करने का आवाहन किया था तब उनकी जमानत जब्त होने की सीमा से भी कम बैलेंस निकला था। गुजरात में उन्होंने गुरु के आदेश को बहाना बना कर अपने उम्मीदवार वापिस बुला लिए थे और अपने खाते के राज को राज ही रहने दिया था। मध्य प्रदेश में वे बड़ा मल्हरा और टीकमगढ दोनों ही जगह से हारी थीं। बड़ामल्हरा में तो उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री और उनके भाजपा के पुराने साथी शिवराज सिंह पर उनकी हत्या कराने का आरोप लगाया था, पर अब उन्हें अपने स्वास्थ की चिंता को भूलकर किसानों के लिए अपने कातिल के पास बैठने से कोई गुरेज नहीं है। भाजपा के बागियों के सहारे पूरे प्रदेश में उन्हें बारह लाख वोट जरूर मिले थे जो उनके अस्थिर मनोभावों के कारण अपने अपने रस्ते से लग चुके हैं। पर जहाँ उनके खाते में सबसे ज्यादा बैलैंस है वहीं पर उनका चेक भुगतान योग्य नहीं है। जहाँ भुगतान के लायक बताया जा रहा है वहाँ उनके खाते के बैलेंस का पता नहीं है।
ये चेक आखिर ब्लैंक क्यों है। क्या पैन नहीं हैं? और न हो तो भी कोई बात नहीं आजकल तो नेट बैंकिंग आ गयी है। बिना पैन के भी राशि यहाँ की वहाँ की जा सकती है। पर अपने खाते के बैलेंस का पता तो होना चाहिए, और अगर नहीं है तो एटीएम से पता किया जा सकता है क्योंकि अब तो सातों दिन चौबीसों घंटे एटीएम खुला मिलता है। ऐसा लगता है कि यह जीरो बैलेंस खाते का ब्लैंक चैक है। चेक लेने और देने वाले दोनों को पता है कि खाते की औकात क्या है, पर टुच्ची साहित्यिक संस्थाओं द्वारा दिये गये पुरस्कारों की तरह खाली लिफाफों का आदान प्रदान हो रहा है और दोनों ही अपनी जनता को बेबकूफ बना रहे हैं।
ये दीवालिया बैंक के जीरो बैलेंस खाते का ब्लैंक चैक है, जो उसको दिया जा रहा जिसका खाता ही नहीं खुल रहा है।
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मो. 9425674629
सोमवार, अगस्त 02, 2010
व्यंग्य- उपयोगितानुसार वापिसी
उपयोगितानुसार वापिसी
वीरेन्द्र जैन
राम भरोसे आज मूड में था। मेरे पूछने से पहले ही बोल उठा- आज एक मनोरोग चकित्सिक के पास एक स्वस्थ नौजवान आया और मरीजों वाले स्टूल पर बैठ गया। डाक्टर ने बहुत ही नम्रता से पूछा कि किसे दिखाना है तो वह बोला कि खुद को। डाक्टर के यह पूछने पर कि क्या शिकायत है वह बोला
“डाक्साब शिकायत यह है कि मुझे जूते की तुलना में चप्पलें ज्यादा पसन्द हैं।“ डाक्टर ने उसे नीचे से ऊपर तक गौर से देखा तो पाया कि वह बेहद सभ्य और शालीन नजर आ रहा था व उसने करीने से कपड़े पहिन रखे थे, उन्हें उसमें कोई भी असामान्य चीज नहीं दिखाई दी तो वे बोले- इसमें परेशानी की क्या बात है, मुझे भी जूते की तुलना में चप्पलें ज्यादा पसन्द हैं।“
“वो तो ठीक है डाक्साब, पर आप उन्हें भून कर खाना पसन्द करते होंगे और मैं उबाल कर खाना।“ अब डाक्टर कभी उस की तरफ देख रहा था और कभी मेरी तरफ।
इतना कह कर राम भरोसे हो हो हो कह कर हँस दिया। मैंने कहा राम भरोसे ये पुराना लतीफा है
राम भरोसे गम्भीर होते हुये बोला होगा, पर सन्दर्भ नया है।
“कैसे?” मुझे उत्सुकता जगी।
“अरे भाई तुमने एम जी वैद्य का वह बयान नहीं पढा जिसमें उन्होंने कहा है कि जसवंत सिंह की तुलना में उमा भारती ज्यादा उपयोगी थीं, पर उन्हें पुनर्प्रवेश देने की जगह जसवंत सिंह को पुनर्प्रवेश दे दिया गया। बकौल शायर- रहा न दिल में वो बेदर्द, और दर्द रहा
मकीम कौन हुआ है, मकाम किसका था”
“तो इसमें गलत ही क्या है यह उपयोगितावाद का ही युग है- यूज एंड थ्रो। भाजपा में लोगों का महत्व उपयोगिता से ही है न कि उनके त्याग, तपस्या, बलिदान, समर्पण, और सिद्धांतवादिता से। हेमा मालिनी, स्मृति ईरानी, वाणी त्रिपाठी, शत्रुघ्न सिंन्हा, विनोद खन्ना, दारा सिंह, अरविन्द त्रिवेदी, दीपिका चिखलिया, नवजोत सिंह सिद्धू, चेतन चौहान, मनेका गान्धी, वरुण गान्धी, वसुन्धरा राजे, यशोधरा राजे, सब उपयोगी वस्तु की तरह ही आयात किये जाते हैं।
चुनाव जिताने के लिए उपयोगी होने तक धर्मेन्द्र को उम्मीदवार बना दिया, बाद में उन्हें कहना पड़ा कि भाजपा ने मुझे इमोशनली ब्लेकमेल किया। अब जब भाजपा अध्यक्ष खुद ही धर्मेन्द्र के डायलोग बोलने लगे हैं तो धर्मेन्द्र की क्या जरूरत!अब तो कुत्ते का खून पी जाने वाले और भी हैं काके। गोबिन्दाचार्य तो जिन्दगी भर भाजपा के टेंक होने का भ्रम पाले रहे किंतु उपयोगिता घटते ही उन्हें नाली के पानी की तरह बाहर का रास्ता दिखा गया। लम्बे समय तक वे समझते रहे कि वे भाजपा को रास्ता दिखाते हैं किंतु अब स्वयं रोड मैप पूछते नजर आ रहे हैं, कौन से रस्ते से आऊँ, खिड़की से, दरवाजे से, रोशनदान से, या छत से। बता दे कोई कौन गली गये श्याम – रोड मैप का पुराना प्रश्न।“ सर्व श्रेष्ठ सांसद का सम्मान पाने वाले जसवंत सिंह की तुलना में उमा भारती की उपयोगिता सचमुच ही अब ज्यादा होना चाहिए बरना विवादित स्थलों पर मस्जिद गिराने की खुशी में मुरली मनोहर जोशी के कंधों पर कौन सवार होगा! विवादित ईदगाह मैदान पर तिरंगा फहराने के बहाने साम्प्रदायिकता की भूमि कौन तैयार करेगा! किसी लिब्राहन आयोग के आगे गवाही के लिए बुलाये जाने पर कौन सब कुछ भूल जायेगा और कहेगा कि मुझे कुछ भी याद नहीं है कि उस दिन क्या हुआ था!
याद नहीं अब कुछ,
भूल गयी सब कुछ
बस ये ही बात न भूली, जूली........ नहीं नहीं कुर्सी.......।
आज नेताओं के मुँह से जो गालियाँ निकल रही हैं उसकी शुरुआत तो उमा जी बरसों पहले कर चुकी थीं जब उन्होंने अपने विरोधी दल के मुख्यमंत्री से हेलीकाप्टर माँगते हुये अपने सन्देह में घिरे साथी से कहा था कि वे देंगे कैसे नहीं, हेलीकोप्टर क्या उनके बाप का है! चुनावी भाषणों में वे कहती रही हैं कि इस दिग्विजय सिंह को तो सड़क के गड्ढों में पटक पटक कर बिजली का करंट लगाना चाहिए। सच कह रहे हैं वैद्य साब कि उनकी उपयोगिता अब जसवंत सिंह से ज्यादा है, अब जब तक सरकार नहीं है तो कौन सा आतंकवादियों को कन्धार छोड़ने जाना है। अरे अगर भविष्य में सोनिया गान्धी प्रधान मंत्री चुनी जाती हैं, तो सिर मुढा कर, चने खाकर, जमीन में सोने की धमकी क्या जसवंत सिंह देंगे!
उमाजी ही क्यों हमारे वैद्य साब तो संजय जोशी को भी वापिस लेने के लिए उतावले हैं जबकि देश की जनता को यह भी नहीं पता कि उन्हें कब पार्टी से बाहर कर दिया गया था और अगर कर दिया गया था तो मध्य प्रदेश पुलिस से क्लीन चिट प्राप्त इस नेता को किस आरोप में बाहर किया गया था ये तो बता ही देते।
इसलिए भैय्या राम भरोसे ये उनकी समस्या है कि वे जूते से चप्पल को ज्यादा पसन्द करें और भूनने के बजाय उबाल कर खाने को बेहतर समझें। और कहें- मेरी मर्जी।
सोमवार, जुलाई 12, 2010
व्यंग्य- असली साहित्य सेवी

व्यंग्य
असली साहित्य सेवी
वीरेन्द्र जैन
हे हिन्दी के साहित्यकारो, तुम कहाँ हो! कौन सी दुनिया में मस्त हो! तुम्हे पता भी है कि तुम्हारी दुनिया में क्या चल रहा है। अरे इतना मस्त तो इन्द्र भी नहीं रहता था जिसके पास जगत की श्रेष्ठ नृत्यांगनाएं थीं । उसने भी तकनीक का सहारा लेकर ऐसा सिस्टम बना रखा था कि जब भी कोई तपस्या आदि में जी जान से ऐसा जुट जाता था जैसे कि मध्य प्रदेश के मंत्री पैसा लूटने में जुटे हुये हैं, तो उसका आसन डोलने लगता था और वह उनकी तपस्या भंग करने के लिए दस पाँच ठौ मेनका रम्भाएं मृत्युलोक में टपका देता था जिससे कि ऋषि मुनि सारी तपस्या भूल जाते थे। पर तुम्हारा खोयापन तो ऐसा लगता है जैसा कि किसी शायर ने कहा है-
खोये हुये से बैठे तिरी बज्म में हमें
ये भी नहीं है याद कि क्या भूल गये हैं
क्या तुम किसी सेमिनार में भाड़ झौंक रहे हो या किसी पुरस्कार की जुगाड़ में लगे हुये हो या अपने किताबें कोर्स में ठुसवाने के प्रयास में हो और इधर तुम्हारी दुनिया पर दूसरे कब्जा करते जा रहे हैं। एक दिन ऐसा भी आ जायेगा जब तुम्हारे हाथ में प्रदेश के दलितों की तरह केवल पट्टा रह जायेगा और कब्जा फिसल जायेगा।
अगर अब भी नहीं समझे तो समझ जाओ कि देश की इकलौती सांस्कृतिक संस्था राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ अब साहित्य पर उतर आयी है और उसने भाजपा में अध्यक्ष के सर्वोच्च पद पर ऐसा साहित्य प्रेमी थोपा है जो हिन्दी की बिन्दी लगा कर भाषा और साहित्य की अनूठी सेवा कर रहा है। उसकी वाइफ तक भाषा की विदुषी है [ बड़े लोगों की पत्नी नहीं होती वाइफ होती है] और जब हिन्दी भाषी प्रदेश के विद्वान सेवकों ने इन्दौर में उसके फाइव स्टार टेंट के बाहर नितिन गडकरी की जगह नितीन लिखवा दिया था तो उसकी वाइफ़ ने बोला था कि ओह गाड! इन्हें शुद्ध भाषा भी नहीं आती।
पिछले दिनों इन्हीं अध्यक्ष महोदय ने लालू प्रसाद और मुलायम सिंह को सोनिया के तलुवे चाटने वाला कुत्ता बतलाया था। जब उनसे पूछा गया तो उनका उत्तर था कि उन्होंने तो मुहावरे में कुत्ता कहा था। यह बतलाता है कि उन्हें व्याकरण का कितना अच्छा ज्ञान है और ये हिन्दी भाषी प्रदेश के लोग मुहावरे भी नहीं जानते। इसके बाद लालू प्रसाद यादव के राम कृपाल ने गडकरी को छछूंदर कह दिया तो उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी क्योंकि वे विद्वान जानते थे कि छछूंदर के सिर में चमेली का तेल भी एक मुहावरा है।
जब इन्हीं भाषा विज्ञानी गडकरी ने अफजल को कांग्रेस का दामाद बताया और मूर्खों को दामाद शब्द का अर्थ स्पष्ट करते हुये कहा कि दामाद उसे कहते हैं जिसे अपनी बेटी दी जाती है सो कांग्रेस से सवाल किया कि क्या उन्होंने अफजल को अपनी बेटी दी हुयी है? जब इस पर नासमझ कांग्रेसियों ने अपने पिंजरे में बँधे बँधे फूँ फाँ की तो राजीव प्रताप रूडी ने कालिदास काल के पंडितों की तरह विद्योतमाओं को अर्थ बताते हुये कहा कि यह कांग्रेस की रचनात्मक आलोचना है इसलिए माफी माँगने का कोई सवाल ही नहीं। अब हिन्दी के साहित्यकारों को सीखना चाहिए कि रचना क्या होती है, आलोचना क्या होती है और रचनात्मक आलोचना किसे कहते हैं।
इधर मध्य प्रदेश में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव भाजापा के प्रदेश अध्यक्ष को समझा रहे हैं कि औकात का अर्थ हिन्दी में क्षमता और अंग्रेजी में कैपिसिटी होता है। हालांकि उन्होंने शब्दार्थ तो बता ही दिया साथ ही उदाहरण देकर उनकी औकात भी बता दी कि इसी प्रदेश में एक पत्रकार के रूप में अर्जुन सिंह से अपने निजी काम कराने के लिए किस तरह गिड़गिड़ाते थे।
राजनीति में जहाँ देखो वहाँ भाषा व्याकरण और साहित्य चल रहा है किंतु हिन्दी के साहित्य सेवी शायद आगामी चौदह सितम्बर तक के लिये सोये हुये हैं जब वे हिन्दी सेवा के लिए इस या उस सरकारी संस्था से धैर्य धन्य नत मस्तक हो शाल ओढ कर शालीन होंगे, और अगले साल तक बने रहेंगे।
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मो. 9425674629
मंगलवार, जून 29, 2010
व्यंग्य - लौट के जसवंत वापिस आये
लौट के जसवंत वापिस आये
वीरेन्द्र जैन
जसवंत सिंह के लौटने को एज यूजुअल घर वापिसी कहा जा रहा है। ऐसा अन्धविश्वास है कि जो लोग लौटते हैं सब घर ही लौटते हैं।
“पर लौटता तो वह है जो गया हो। जसवंत भैय्या ने भाजपा छोड़ी ही कब थी” राम भरोसे कहता है।
“ हाँ सच कह रहे हो, उन्हें तो निकाला गया था और धकियाये जाने के बाद तो विभीषण भी रावण के रहते लंका नहीं लौटा था और उन्होंने बार बार कहा था कि उन्हें निकालने से पहले औपचारिक शिष्टाचार तक नहीं बरता गया। फिर वैसे भी यह उनका घर थोड़े ही है, घर तो उनका है जो इसमें शाखा से प्रकट हुये हैं। सो इसे घर वापिसी कहना ठीक नहीं है। इसे तो कह सकते हैं कि-
शायद मुझे निकाल कर पछता रहे हैं आप
महफिल में इस ख्याल से फिर आ गया हूं मैं”
एक सम्भावना यह भी हो सकती है कि जसवंत सिंह इसे ससुराल समझते हों, क्योंकि जब भाजपा ने उन्हें निकाल बाहर करने के बाद उनसे लोक लेखा समिति के पद से स्तीफा देने को कहा था तो उन्होंने लगभग डाँटते हुए कहा था कि इस मामले में भाजपा को शोर मचाने की जरूरत नहीं है, क्योंकि लोक लेखा समिति के अध्यक्ष का पद कोई उसका दिया दहेज नहीं है।
घर तो इसलिए भी नहीं हो सकता कि जिसके बारे में उन्होंने कहा हो कि इस में भ्रष्टाचार चरम पर है और उसे आडवाणी और राजनाथ सिंह को बता देने का दावा भी किया हो उस चरम भ्रष्ट घर को ठीक किये बिना कोई ईमानदार और स्वाभिमानी कैसे जा सकता है।
बहरहाल इस वापिसी में पब्लिक को यह पता नहीं चला कि आखिर मुद्दा क्या था और वह कैसे सुलझा। पहले लोगों को ऐसा लगा था कि मुद्दा ज़िन्ना थे। जिन्ना भी क्या जिन्दा शख्शियत है कि जो मुर्दा होकर भी मुद्दा बनी रह्ती है और जिसका जिन्न पाकिस्तान , हिन्दुस्तान कहीं भी चैन से नहीं बैठने देता। जिस जिन्ना के एक भाषण की तारीफ के कारण आडवाणीजी को अध्यक्ष की कुर्सी छोड़नी पड़ी हो उस पर पूरी किताब लिख कर मुँह पर मार देने से निकाले जाने का असली कारण छुप गया था। जिस भाजपा ने उनकी योग्यता मापते हुये कहा था कि उन्हें पद इसलिए दिया गया था क्योंकि उनकी अंग्रेजी अच्छी है और वे अटलजी के साथ ड्रिंक किया करते थे। अब उस भाजपा ने उनकी कौन सी योग्यता फिर से पहचान ली पता ही नहीं चला। शायद अब विपक्ष के नेता का पद पक्ष के व्यक्ति द्वारा भरा जा चुका है और उसमें कोई फेर बदल नहीं हो सकता सो उसके अंडर में काम करने के लिए आ जाओ। बाकी के सारे पद भरे जा चुके हैं केवल झाड़ू पौंछा करने वाले की जगह खाली है।
किताब तो निकाले जाने के कारणों पर पर्दा डालने के लिए निकाली गयी थी। उन्हें निकाला तो इसलिए जाना था क्योंकि वे फौज से निकल कर आये थे, शाखा से नहीं निकले थे, और इसके प्रमाण स्वरूप वे हमेशा कन्धे पर फित्ती लगी कमीज पहिनते थे। समर्थन करते रहने तक तो ठीक है पर यह भी क्या बात कि अपनी वरिष्ठता के आधार पर आप विपक्ष के नेता पद के भी दावेदार बन जायें। यह नहीं चलेगा, वहाँ तो संघ के आदेश बिना शाखा भी नहीं चलती तो पत्ता क्या हिलेगा। पांचजन्य ने तो सितम्बर 09 अंक में लिखा ही था कि जसवंत को निकाल कर उन्हें खलनायक से नायक बना दिया जिससे उनकी किताब की 49000 प्रतियाँ बिक गयीं। अब क्या नायक से फिर खलनायक बनाना है।
ये कैसा घर है, ये कैसी वापिसी है जहाँ के लोग कि चाहे जहाँ थूक देते हैं और फिर.....................। आप स्वयं समझदार हैं।
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल [म.प्र.] 462023
मो. 9425674629
बुधवार, जनवरी 06, 2010
व्यंग्य -मर्द हो जाना शीला दीदी का
मर्द हो जाना शीला दीदी का
वीरेन्द्र जैन
में जब भी बाल ठाकरे के बारे में कोई बात करता हूं तो राम भरोसे हमेशा पूछता है- ये कहाँ के बाल हैं और मुझे हमेशा बताना पड़ता है कि महाराष्ट्र की बम्बई...... नहीं नहीं मुम्बई के। ठाकरेजी की उम्र अस्सी से आगे निकल गयी है और अब ज़ेंडर भेद भूल जाना चाहिये था पर उनकी भाषा अभी तक भी जवानी के दिनों में ही अटकी हुयी है। पिछले दिनों जब उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री के उस बयान पर टिप्पणी की तो उसकी प्रशंसा के लिये उन्हें ज़ेंडर वाली शब्दावली ही मिली और उन्होंने उन्हें कांग्रेस के अंन्दर अकेला मर्द बताया। उनके अनुसार मर्द अर्थात जो बिहारियों को अपने प्रदेश से बाहर का रास्ता दिखाये। पता नहीं कि उन्होंने मध्य प्रदेश के शिव राज ठाकरे का बयान पढा कि नहीं और यदि पढा तो उन्हें कोई उपाधि क्यों नहीं दी! हो सकता है कि इसलिये नहीं दी हो कि उन्हें एक बिहारी को अपने प्रदेश से राज्य सभा में भेजने के लिये विवश होना पढा हो और अब उसे प्रदेश अध्यक्ष बनने से रोकने में उन्हें दांतों पसीने आ रहे हों।
जब राम भरोसे को मैंने बाल ठाकरे का बयान सुनाया था उसके अगले ही दिन वह सुबह सुबह मेरे दरवाजे पर आ गया और वह भी केवल अदरक वाली चाय पीने के लिये नहीं आया था अपितु रात में देखे गये अपने एक सपने को सुनाने के लिये आया। अपने सपने में वह भविष्य में चला गया था और वह देख रहा था कि देश में महिला आरक्षण कानून लागू होने के बाद 2014 के लोकसभा चुनाव आ गये हैं। चुनाव में शीला दीक्षित के बेटे वाली सीट महिला आरक्षण में चली गयी है और कांग्रेस हाई कमान ने उस सीट पर शीला दीक्षित को उम्मीदवार बनाया है। दिल्ली की वे महिलायें जो अन्य में नहीं आतीं किंतु कांग्रेस उम्मीदवार के फारम भरने, प्रचार पर जाने और जीत जाने पर ढोल धमाकों के साथ नाचने गाने का राजनीतिक काम वर्षों से करती आ रहीं हैं, शीला दीदी को फार्म भरवाने के लिये नाचते गाते हुये ले जाती हैं। पीछे से धक्का मुक्की वाली परंपरा का निर्वाह करते हुये कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के साथ जब दीदी अपना फार्म निर्वाचन अधिकारी के सामने प्रस्तुत करती हैं तो वह बड़े सम्मान के साथ कहता है- मैडम यह सीट तो रिजर्व हो चुकी है।
- हाँ इसीलिये तो दिल्ली प्रदेश का मुख्य मंत्री पद छोड़ कर मुझे लोकसभा के लिये फार्म भरना पड़ रहा है वे विनम्रता से कहती हैं।
निर्वाचन अधिकारी फिर कुटिलता से मुस्कराता है और कहता है कि यह सीट तो महिलाओं के लिये आरक्षित है और आप कांग्रेस में अकेली मर्द हैं, यह सीट तो किसी महिला के लिये है इसलिये हो सकता है कि आपका फार्म रिजेक्ट हो जाये क्योंकि डाक्टर बाल ठाकरे साब ने तो सार्टिफिकेट दिया है कि आप कांग्रेस में मर्द हैं।
-अरे आप किस की बातों में आ रहे हैं इस देश में कानून का शासन चलता है कि न कि बाल ठाकरों का- वे बोलीं
- मैडम अगर ऐसा होता तो श्री कृष्ण आयोग की रिपोर्ट पर कार्यवाही के बाद उन्हें जेल में होना चाहिये था, पर वे तो मुम्बई के तानाशाह बने बैठे हैं।
........ इतने में भाजापा के हुड़दंगिये आ गये और उनके हुड़दंग से सपना टूट गया, आगे क्या हुआ पता ही नहीं चला- राम भरोसे ने अदरक वाली चाय पीते हुये बताया।
- पर राम भरोसे बाल ठाकरे तो भाजपा को भी नहीं बख्शते, तुम्हें याद नहीं कि पिछले दिनों राष्ट्रपति के चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार के खिलाफ वोट दिया था और लोकसभा चुनाव के पहले भाजपा के प्रधानमंत्री पदप्रत्याशी श्री लाल कृष्ण आडवाणी को मिलने का समय नहीं दिया था। इतना ही नहीं जब भाजपा ने मायावती के साथ छह छह महीने की सत्ता लूट का प्रयोग किया था तो उस पर भी सारी दुनिया के साथ उन्होंने भी हँसते हुये कहा था कि इस छह छह महीने का प्रयोग का क्या मतलब अगर कुछ उम्मीद ही करनी थी तो कम से कम नौ नौ महीने का प्रयोग तो करना चाहिये था।
- यही तो मैं भी कहता हूं कि वे अच्छे भले कार्टूनिस्ट हैं पर राजनीति में आकर वे खुद ही कार्टून बन जाते हैं- राम भरोसे बोला।
कभी कभी रामभरोसे भी समझदारी की बात कर जाता है।
वीरेन्द्र जैन
2/1 शालीमार स्टर्लिंग रायसेन रोड
अप्सरा टाकीज के पास भोपाल मप्र
फोन 9425674629






